आ रही नई Toyota Fortuner, नए डिजाइन से लेकर हाइब्रिड इंजन तक मिलेंगे बड़े बदलाव
नई Toyota Fortuner 1 दिसंबर को पेश हो सकती है। इसमें नया डिजाइन, आधुनिक केबिन, माइल्ड हाइब्रिड तकनीक और अपडेटेड प्लेटफॉर्म मिलने की उम्मीद है।
-1795958571326_m.webp)
नई जनरेशन टोयोटा फॉर्च्यूनर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। Toyota Fortuner भारतीय बाजार की पॉपुलर प्रीमियम 7-सीटर SUV में से एक है। अब कंपनी इसकी नई जनरेशन पर काम कर रही है, जो लंबे इंतजार के बाद बड़े बदलावों के साथ दस्तक दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई जनरेशन Toyota Fortuner को 1 दिसंबर 2026 को दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है। हालांकि, टोयोटा ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नई SUV में एक्सटीरियर, इंटीरियर और मैकेनिकल स्तर पर कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
11 साल बाद बदलेगा Fortuner का लुक
Toyota Fortuner को अंतरराष्ट्रीय बाजार में जनरेशन अपडेट मिले हुए 11 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। ऐसे में इसके नए मॉडल का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। हाल ही में अर्जेंटीना में इस SUV का एक कैमोफ्लाज टेस्ट प्रोटोटाइप भी देखा गया था, जहां इसे SW4 नाम से जाना जाता है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी नई फॉर्च्यूनर को बना लिया है। हालांकि, 1 दिसंबर की तारीख फिलहाल दक्षिण अफ्रीकी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है।

नए इंटीरियर के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नई Toyota Fortuner के केबिन में इस बार बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी हाल ही में अपडेट हुई Hilux के इंटीरियर से कई फीचर्स नई SUV में शामिल कर सकती है। नई Hilux में 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच का इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम मिलता है। उम्मीद है कि नई फॉर्च्यूनर में भी इसी तरह के फीचर्स दिए जाएंगे।
इसके अलावा, SUV में नया डैशबोर्ड और सेंटर कंसोल मिलने की संभावना है। मौजूदा मॉडल में ADAS फीचर्स की कमी को देखते हुए नई जनरेशन में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम भी शामिल किया जा सकता है। इससे SUV का टेक्नोलॉजी और सेफ्टी पैकेज पहले से बेहतर हो सकता है।
नई Toyota Fortuner का इंजन
नई फॉर्च्यूनर में मौजूदा 2.8-लीटर डीजल इंजन को बरकरार रखे जाने की उम्मीद है। यह इंजन फिलहाल 204 PS की पावर जनरेट करता है। इसके 6-स्पीड मैनुअल वेरिएंट में 420 Nm और ऑटोमैटिक वेरिएंट में 500 Nm का टॉर्क मिलता है।
टोयोटा ने जून 2025 में भारत में फॉर्च्यूनर और लेजेंडर के साथ 48V माइल्ड हाइब्रिड तकनीक पेश की थी। नई जनरेशन में इस तकनीक को ज्यादा वेरिएंट में उपलब्ध कराया जा सकता है। वहीं, कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए छोटे 2.4-लीटर डीजल इंजन का विकल्प भी दिया जा सकता है।
नई Toyota Fortuner का डिजाइन
टेस्टिंग के दौरान सामने आए प्रोटोटाइप के आधार पर नई Toyota Fortuner का फ्रंट और रियर डिजाइन पहले से अलग हो सकता है। इसके फ्रंट में एंगुलर हेडलैंप, नया बोनट और मेश पैटर्न वाली ग्रिल मिलने की संभावना है। वहीं, पीछे की तरफ नए डिजाइन के टेललैंप को जोड़ने वाली हॉरिजॉन्टल LED लाइट स्ट्रिप दी जा सकती है। SUV के साइड प्रोफाइल में बदलाव अपेक्षाकृत कम हो सकते हैं और इसकी पहचान बन चुकी विंडो लाइन का खास डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है।
मौजूदा IMV प्लेटफॉर्म पर तैयार हो सकती है नई SUV
नई फॉर्च्यूनर में टोयोटा का मौजूदा IMV प्लेटफॉर्म अपडेटेड रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी कंपनी इसके लिए Land Cruiser 300 वाले TNGA-F प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होने के बजाय मौजूदा लैडर-फ्रेम आर्किटेक्चर को ही बरकरार रख सकती है। इसके साथ सस्पेंशन की सेटिंग में बदलाव और बेहतर हैंडलिंग के लिए इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग मिलने की संभावना है। वहीं, 4-व्हील ड्राइव वेरिएंट में लो-रेंज ट्रांसफर केस और रियर डिफरेंशियल लॉक जैसे फीचर्स जारी रह सकते हैं।
भारत में 2027 में हो सकती है लॉन्च
नई जनरेशन Toyota Fortuner को भारत में साल 2027 के दौरान लॉन्च किया जा सकता है। फिलहाल मौजूदा फॉर्च्यूनर की एक्स-शोरूम कीमत 34.76 लाख रुपये से 50.46 लाख रुपये के बीच है। नए डिजाइन, संभावित अतिरिक्त फीचर्स और तकनीकी बदलावों को देखते हुए इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा हो सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Skoda Kodiaq, Volkswagen Tayron और Jeep Meridian जैसी SUVs से रहेगा। हालांकि, इसकी लॉन्च टाइमलाइन, फीचर्स और कीमत को लेकर कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।