छोटी-सी ये लग्जरी इलेक्ट्रिक कार कल होगी लॉन्च, 402Km रेंज के साथ मिलेगी 170kmph की टॉप स्पीड
नई MINI Cooper SE 27 नवंबर को भारत में लॉन्च होगी। 54.2kWh बैटरी, 402Km WLTP रेंज और 215bhp पावर मिलेगी।
-1795704462917_m.webp)
नई MINI Cooper SE इलेक्ट्रिक कार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। नई जनरेशन MINI Cooper SE भारतीय बाजार में 27 नवंबर 2026 को लॉन्च होगी। यह इलेक्ट्रिक हैचबैक अपडेटेड डिजाइन, नए केबिन और पहले से बड़ी बैटरी के साथ वापसी करेगी। इसके साथ ही Cooper SE, Cooper S और Cooper Convertible के Paul Smith Editions को भी लॉन्च किया जाएगा। इन स्पेशनल एडिशन को ब्रिटिश फैशन डिजाइनर Paul Smith से साथ मिलकर डिजाइन और तैयार किया गया है।
नई MINI Cooper SE का डिजाइन
- नई MINI Cooper SE में तीन-दरवाजों वाली पारंपरिक हैचबैक प्रोफाइल बरकरार रखी गई है, लेकिन इसके डिजाइन को शार्प बनाया गया है। फ्रंट में गोल LED हेडलैंप मिलते हैं, जिनमें अलग-अलग लाइट सिग्नेचर चुने जा सकते हैं। इसके साथ ऑक्टागोनल ग्रिल और ब्लैक क्लैडिंग वाला बंपर दिया गया है। साइड में फ्लश डोर हैंडल, कॉन्ट्रास्टिंग रूफ और स्टैंडर्ड 16-इंच अलॉय व्हील मिलते हैं।
- पीछे की तरफ ट्राइएंगुलर LED टेललैंप को Cooper बैजिंग वाले ब्लैक ट्रिम से जोड़ा गया है। रूफ स्पॉयलर इसके लुक को पूरा करता है। इस तरह नई कार पुराने मॉडल की पहचान बनाए रखते हुए ज्यादा आधुनिक नजर आती है।
नई MINI Cooper SE का इंटीरियर
- नई MINI Cooper SE में फैब्रिक अपहोल्स्ट्री के साथ नया डैशबोर्ड दिया गया है। इसका 9.45-इंच का गोल OLED टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और वाहन के कई फंक्शन को कंट्रोल करता है। केबिन में तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल पर फिजिकल कंट्रोल भी मिलते हैं।
- फीचर्स में डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हीटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस चार्जिंग शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा, ADAS, छह एयरबैग, वॉयस असिस्टेंट, स्मार्टफोन-बेस्ड डिजिटल की और पार्किंग असिस्टेंस भी दिए जाने की उम्मीद है।
- Paul Smith Editions में Inspired White, Midnight Black और Statement Grey जैसे एक्सटीरियर रंग मिलेंगे। इनमें कॉन्ट्रास्टिंग रूफ फिनिश, 18-इंच ब्लैक अलॉय व्हील, रूफ पर कलरफुल स्ट्राइप्स और Nottingham Green एक्सेंट दिए गए हैं।
- केबिन में ब्लू कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग, Hello संदेश दिखाने वाली वेलकम लाइट, स्टीयरिंग व्हील पर सिग्नेचर स्ट्राइप्स और Paul Smith के हाथ से बनाए खरगोश के डिजाइन वाले फ्लोर मैट मिलेंगे। ये बदलाव मुख्य रूप से कॉस्मेटिक हैं और इनमें स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले मैकेनिकल अपग्रेड नहीं किए गए हैं।
नई MINI Cooper SE की बैटरी और रेंज
- नई Cooper SE में फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 215bhp की पावर और 330Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसमें 54.2kWh का बैटरी पैक मिलता है। दावा किया गया WLTP रेंज 402Km तक है। यह कार 0 से 100km/h की रफ्तार 6.7 सेकंड में पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 170km/h है।
- इलेक्ट्रिक हैचबैक में 7.4kW AC चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इससे बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत चार्ज करने में करीब 7 घंटे 45 मिनट लगते हैं। वहीं, 95kW DC फास्ट चार्जिंग से बैटरी 10 से 80 प्रतिशत तक लगभग 30 मिनट में चार्ज हो सकती है।
कितनी होगी कीमत?
भारत में नई MINI Cooper SE की एक्स-शोरूम कीमत करीब 50 लाख रुपये होने की उम्मीद है। इसे MINI की भारतीय लाइन-अप में पेट्रोल Cooper S से ऊपर रखा जाएगा। पिछली जनरेशन की इलेक्ट्रिक हैचबैक फरवरी 2022 से भारत में बिक्री पर थी और दिसंबर 2025 में इसे बंद कर दिया गया था।
-1795704725588.webp)