एक साल में 5 ट्रैफिक चालान होने पर सस्पेंड हो सकता है ड्राइविंग लाइसेंस, जानें क्या है ये नियम?
महाराष्ट्र में पांच ट्रैफिक उल्लंघनों पर लाइसेंस सस्पेंड हो सकता है, जबकि बकाया ई-चालान वाले वाहन ब्लैकलिस्ट किए जा सकते हैं।

महाराष्ट्र में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। राज्य में अब एक कैलेंडर वर्ष के दौरान पांच या इससे ज्यादा ट्रैफिक तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा सकती है। इसके तहत संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा, लंबे समय से पेंडिंग ई-चालान वाले वाहनों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। ऐसे में महाराष्ट्र के वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना और चालान का भुगतान करना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।
एक साल में 5 या ज्यादा ट्रैफिक चालान पर होगी कार्रवाई
- महाराष्ट्र के परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर ने राज्य के सभी RTO को इस संबंध में एक सर्कुलर जारी किया है। इसमें एक कैलेंडर वर्ष के दौरान पांच या उससे अधिक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन उपायों का उद्देश्य बार-बार यातायात नियम तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती करना है।
- यह कार्रवाई सेंट्रल मोटर व्हीकल्स (थर्ड अमेंडमेंट) रूल्स, 2026 के बाद की जा रही है। ये नियम इस साल 1 जनवरी से प्रभावी हुए हैं। नए निर्देशों के तहत RTO को अपने क्षेत्र में बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की सूची तैयार करनी होगी।
- नए निर्देशों के तहत पांच या इससे अधिक ट्रैफिक उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल्स एक्ट के आर्टिकल 19 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसमें संबंधित व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने का प्रावधान भी शामिल है। हालांकि, पांच चालान होने पर लाइसेंस अपने आप सस्पेंड नहीं होगा। इसके लिए RTO पहले उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान करेंगे और फिर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।
हर साल अपडेट होगी ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों की सूची
महाराष्ट्र के RTO हर साल की शुरुआत में बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की सूची अपडेट करेंगे। इस व्यवस्था में कैलेंडर वर्ष को आधार बनाया गया है। इसका मतलब है कि पिछले साल किए गए ट्रैफिक उल्लंघनों को अगले साल की गिनती में शामिल नहीं किया जाएगा। उदाहरण के लिए, 2026 में किए गए उल्लंघनों की गिनती 2026 के रिकॉर्ड के आधार पर होगी। इन्हें 2027 में होने वाले उल्लंघनों के साथ नहीं जोड़ा जाएगा।
किन चालानों की होगी गिनती?
परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ केवल उन्हीं चालानों की गिनती होगी, जिनमें चालक का नाम और ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज होगा। ऐसे ऑटोमेटेड चालान, जिनमें वाहन की जानकारी तो मौजूद है, लेकिन चालक की पहचान दर्ज नहीं है, उन्हें किसी व्यक्ति के खिलाफ उल्लंघनों की संख्या में शामिल नहीं किया जाएगा। यानी कार्रवाई के लिए चालक की पहचान महत्वपूर्ण होगी।
पेंडिंग ई-चालान वाले वाहन होंगे ब्लैकलिस्ट
महाराष्ट्र में परिवहन विभाग की कार्रवाई केवल ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों तक सीमित नहीं रहेगी। कई बकाया ई-चालान वाले वाहनों को भी ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। ऐसा होने पर वाहन मालिकों को RC रिन्यू कराने, एड्रेस बदलवाने, वाहन का मालिकाना हक ट्रांसफर कराने और फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कराने जैसी सेवाएं नहीं मिलेंगी। इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पहले सभी बकाया चालानों का भुगतान करना होगा।
नया PUC सर्टिफिकेट लेने में भी होगी परेशानी
रिपोर्ट के अनुसार, जिन वाहनों पर ई-चालान का भुगतान लंबित है, उन्हें नया पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट जारी करने से भी रोका जा सकता है। इस तरह वाहन मालिकों को बकाया चालानों के कारण जरूरी परिवहन सेवाओं में परेशानी हो सकती है। इसलिए वाहन चालकों के लिए अपने चालानों की स्थिति जांचना और समय पर उनका भुगतान करना जरूरी होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।