विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहली पेट्रोल कार में था 0.75 HP का इंजन और 3 पहिए, कार्ल बेंज ने कैसे बदली सफर की दुनिया?

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:16 PM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 01:38 PM (IST)

कार्ल बेंज ने पहली पेट्रोल कार बनाई। उनकी इंजीनियरिंग, पत्नी बर्था का साहस और ऐतिहासिक पेटेंट ऑटोमोबाइल विकास के अहम पड़ाव बने।

दुनिया की पहली पेट्रोल कार बनने की कहानी

दुनिया की पहली पेट्रोल कार बनने की कहानी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। 19वीं सदी में ज्यादातर लोग कहीं आने-जाने के लिए घोड़ागाड़ी या साइकिल का इस्तेमाल करते थे। इसके अलावा बहुत से लोग सफर के लिए बैलगाड़ी का भी इस्तेमाल करते थे। इस समय एक शख्स ने ऐसा कर दिखाया, जिसके बारे में किसी ने सोचा तक नहीं था। इस समय एक जर्मन इंजीनियर एक ऐसा वाहन बनाया, जो बिना किसी जानवर के अपने इंजन से चल सकता था। इस वाहन को बनाने वाले शख्स का नाम कार्ल बेंज था। उन्होंने दुनिया की पहली पेट्रोल से चलने वाली कार बनाई थी। इसके बाद तो जैसे पूरी दुनिया में एक वाहन क्रांति सी आ गई थी। हम यहां पर आपको कार्ल बेंज के पेट्रोल इंजन बनाने के सफर के बारे में बता रहे हैं। आइए जानते हैं कार्ल बेंज की पूरी कहानी के बारे में और कैसे उनके आविष्कार ने मोटरकार की दुनिया को नई दिशा दी।

कौन थे कार्ल बेंज?

कार्ल बेंज का जन्म 25 नवंबर 1844 को जर्मनी के कार्ल्सरुहे (Karlsruhe Germany) शहर में हुआ था। बचपन से ही उनकी रुचि तकनीक और इंजीनियरिंग में थी। उन्होंने महज 15 साल की उम्र में कार्ल्सरुहे के पॉलिटेक्निक संस्थान में दाखिला लिया। साल 1864 में उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग इंजीनियरिंग कंपनियों में काम किया और अनुभव हासिल किया। यही अनुभव आगे चलकर उनके ऑटोमोबाइल आविष्कार की नींव बना।

World's First Petrol Car Story (2)

बड़े आर्थिक संकट से गुजरे कार्ल बेंज

इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अनुभव हासिल करने के बाद कार्ल बेंज ने अपना कारोबार शुरू करने का फैसला किया। अगस्त 1871 में उन्होंने अगस्त रिटर के साथ मिलकर पहली कार्यशाला स्थापित की। हालांकि, कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं चला और जल्द ही आर्थिक स्थिति खराब होने लगी। इस मुश्किल समय में उनकी पत्नी बर्था बेंज ने काफी जरूरी भूमिका निभाई थी। उन्होंने शादी से पहले मिली अपनी विरासत की रकम का इस्तेमाल पति के कारोबार को बचाने के लिए किया। बर्था के इस आर्थिक सहयोग ने कार्ल बेंज को अपने काम को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।

World's First Petrol Car Story (3)

1879 में बनाया पहली बार पेट्रोल इंजन

कार्ल बेंज काफी समय से ऐसा इंजन तैयार करने में जुटे थे, जिसका इस्तेमाल किसी वाहन को चलाने के लिए किया जा सके। इसके लिए उन्होंने लगातार प्रयोग किए। आखिरकार 31 दिसंबर 1879 की रात उनका दो-स्ट्रोक गैस इंजन पहली बार सफलतापूर्वक चला। यह उनके जीवन की बड़ी उपलब्धियों में से एक थी। इंजन की इस सफलता ने उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का मौका दिया। इसके बाद 1883 में उन्होंने कुछ कारोबारी सहयोगियों के साथ मिलकर बेंज एंड कंपनी की स्थापना की और मोटरकार बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया।

World's First Petrol Car Story (4)

1885 में बनाई पहली पेट्रोल कार

कार्ल बेंज ने चार पहियों वाली गाड़ी बनाने के बजाय तीन पहियों वाली मोटरकार तैयार करने पर ध्यान दिया। साल 1885 में उन्होंने अपनी मोटरकार का निर्माण किया। इसमें एक सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन लगाया गया था। यह इंजन 0.75 हॉर्सपावर जनरेट करता था। इस गाड़ी में दो लोगों के बैठने की जगह थी। कार्ल बेंज ने इंजन के साथ-साथ स्टीयरिंग और इग्निशन जैसे जरूरी हिस्सों पर भी काम किया। वह एक ऐसा वाहन बनाना चाहते थे, जो पेट्रोल इंजन की मदद से खुद चल सके।

साल/तारीख

प्रमुख घटना

पूरी जानकारी

25 नवंबर 1844

कार्ल बेंज का जन्म

जर्मनी के कार्ल्सरुहे शहर में कार्ल बेंज का जन्म हुआ।

15 वर्ष की उम्र

इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू

उन्होंने कार्ल्सरुहे के पॉलिटेक्निक संस्थान में दाखिला लिया।

1864

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी

उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।

अगस्त 1871

पहली कार्यशाला की शुरुआत

कार्ल बेंज ने अगस्त रिटर के साथ मिलकर अपनी पहली वर्कशॉप शुरू की।

1870 के दशक

आर्थिक संकट

कारोबार में परेशानी आने पर उनकी पत्नी बर्था बेंज ने विरासत में मिली रकम से आर्थिक मदद की।

31 दिसंबर 1879

इंजन बनाने में सफलता

उनका दो-स्ट्रोक गैस इंजन पहली बार सफलतापूर्वक चला।

1883

बेंज एंड कंपनी की स्थापना

कार्ल बेंज ने कारोबारी सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी की स्थापना की।

1885

पहली पेट्रोल मोटरकार तैयार

उन्होंने तीन पहियों वाली मोटरकार बनाई, जिसमें 0.75 HP का सिंगल-सिलेंडर पेट्रोल इंजन और दो लोगों के बैठने की जगह थी।

29 जनवरी 1886

ऐतिहासिक पेटेंट

कार्ल बेंज ने अपनी मोटरकार के लिए पेटेंट आवेदन किया और उन्हें 37435 नंबर का पेटेंट मिला।

5 अगस्त 1888

बर्था बेंज की ऐतिहासिक यात्रा

बर्था बेंज ने अपने दो बेटों के साथ मोटरकार से 106 किलोमीटर का सफर किया।

1888

ईंधन खरीदने की घटना

सफर के दौरान फ्यूल खत्म होने पर बर्था ने एक दवा की दुकान से लिग्रोइन खरीदा। इस दुकान को दुनिया के पहले पेट्रोल पंप के रूप में पहचान मिली।

1894

वेलो कार का उत्पादन

कार्ल बेंज ने हल्की और कम कीमत वाली वेलो कार का प्रोडक्शन शुरू किया।

1894-1901

वेलो कार की बिक्री

वेलो मॉडल की करीब 1,200 यूनिट बनाई गईं।

1926

डेमलर-बेंज कंपनी का गठन

बेंज की कंपनी और गॉटलिब डेमलर की कंपनी का विलय हुआ, जिससे डेमलर-बेंज कंपनी बनी।

4 अप्रैल 1929

कार्ल बेंज का निधन

दुनिया की पहली पेट्रोल कार बनाने वाले कार्ल बेंज का निधन हुआ।

1886 में मिला ऐतिहासिक पेटेंट

कार्ल बेंज की बनाई मोटरकार को ऑटोमोबाइल इतिहास में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। उन्होंने 29 जनवरी 1886 को अपनी तीन पहियों वाली मोटरकार के लिए पेटेंट आवेदन किया। इसके बाद उन्हें 37435 नंबर का पेटेंट मिला। यह पेटेंट ऑटोमोबाइल के इतिहास में एक जरूरी पड़ाव बना। उनके इस आविष्कार ने यह साबित किया कि पेट्रोल इंजन की मदद से चलने वाला वाहन तैयार किया जा सकता है।

पत्नी ने चलाई 106 किलोमीटर कार

कार्ल बेंज की मोटरकार तैयार तो हो गई थी, लेकिन शुरुआत में लोग इसपर भरोसा नहीं था। ऐसे में उनकी पत्नी बर्था बेंज ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसने इस वाहन को चर्चा में ला दिया। 5 अगस्त 1888 को वह अपने दो बेटों के साथ बिना कार्ल को बताए मोटरकार से 106 किलोमीटर की यात्रा पर निकल पड़ीं। सफर के दौरान जब इंजन का फ्यूल खत्म हुआ, तो उन्होंने एक दवा की दुकान से लिग्रोइन खरीदा। बर्था के इस सफर ने मोटरकार की लंबी दूरी तय करने की क्षमता को प्रदर्शित किया।

1894 में पेश की वेलो कार

मोटरकार को आम लोगों के लिए ज्यादा उपयोगी बनाने की दिशा में कार्ल बेंज ने 1894 में वेलो नाम की कार का उत्पादन शुरू किया। यह हल्की और अपेक्षाकृत कम कीमत वाली मोटरकार थी। इसमें दो लोगों के बैठने की जगह दी गई थी। इस मॉडल का काम केवल प्रायोगिक वाहन बनाना नहीं, बल्कि उसे व्यावसायिक रूप से ग्राहकों तक पहुंचाना भी था। साल 1894 से 1901 के बीच वेलो मॉडल की करीब 1,200 कारों का निर्माण किया गया। इस तरह मोटरकार का इस्तेमाल कारोबार को आगे बढ़ाने में भी मदद मिली।

1926 में हुआ कंपनी का विलय

कार्ल बेंज का योगदान केवल पहली पेट्रोल कार बनाने तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने इंजन, स्टीयरिंग और इग्निशन जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों के विकास में भी काम किया। साल 1926 में बेंज की कंपनी और गॉटलिब डेमलर की कंपनी का विलय हुआ, जिसके बाद डेमलर-बेंज कंपनी बनी। कार्ल बेंज का निधन 4 अप्रैल 1929 को हुआ। हालांकि, उनके आविष्कार और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में किए गए काम ने उन्हें ऑटोमोबाइल इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण हस्तियों में जगह दिलाई।

यह भी पढ़ें- 125 साल पहले Mercedes ने लॉन्च की थी पहली स्पोर्ट्स कार, इसी से शुरू हुआ था मॉर्डन कारों का दौर

फोटो क्रेडिट - वीकिपिडिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।