वाहन बिक्री में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का जलवा, देश के इन 5 राज्यों में बिकी सबसे ज्यादा गाड़ियां
SIAM के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरी तिमाही में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश वाहन बिक्री में आगे रहे। पश्चिमी क्षेत्र ने तीन वाहन श्रेणियों में बाजी मारी।

दूसरी तिमाही में पश्चिमी राज्यों में सबसे ज्यादा वाहनों की बिक्री

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के दौरान पश्चिमी राज्यों या क्षेत्र में सबसे ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अनुसार, बीती तिमाही के दौरान यह क्षेत्र चार में से तीन वाहन श्रेणियों में आगे रहा है। जुलाई-सितंबर के दौरान यहां 4.29 लाख यात्री वाहन, 21.13 लाख दोपहिया वाहन और 1.13 लाख वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री हुई है। तीन-पहिया वाहनों की बिक्री में 96 हजार इकाई के साथ दक्षिणी क्षेत्र सबसे आगे रहा है।
यात्री वाहन बिक्री में महाराष्ट्र शीर्ष पर
सियाम के आंकड़ों के अनुसार, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में यात्री वाहन बिक्री के मामले में महाराष्ट्र शीर्ष पर रहा है। दूसरी तिमाही के दौरान देशभर में कुल 13.61 लाख यात्री वाहनों की बिक्री हुई है। इसमें महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 1.65 लाख इकाई या 12.1 प्रतिशत है। इसके बाद उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक का स्थान रहा है। 46 हजार इकाई या 15 प्रतिशत के साथ वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में भी महाराष्ट्र सबसे आगे रहा है। इसके बाद तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक रहे।
उत्तर प्रदेश में 7.89 लाख दोपहिया वाहनों की बिक्री
डेटा के अनुसार, तिमाही के दौरान पूरे देश में कुल 64.33 लाख दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। 7.89 लाख इकाई के साथ इसमें उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा। कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 12.3 प्रतिशत रही। इसके बाद महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक रहे। तीन-पहिया वाहनों के मामले में भी 34 प्रतिशत या 12.1 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा। इसके बाद गुजरात, कर्नाटक, बिहार और तमिलनाडु रहे। तिमाही के दौरान देश में कुल 2.85 तीन-पहिया वाहनों की बिक्री हुई।
यात्री वाहन बिक्री में शीर्ष पांच राज्यों की 45 प्रतिशत हिस्सेदारी
सियाम के अनुसार, यात्री वाहनों की बिक्री में शीर्ष पांच राज्यों की संयुक्त हिस्सेदारी कुल बिक्री का करीब 45 प्रतिशत रही। इसमें महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 12.1 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश की 9.8 प्रतिशत, गुजरात की 8.3 प्रतिशत, तमिलनाडु की 7.7 प्रतिशत और कर्नाटक की 7.2 प्रतिशत थी। यात्री, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में यही पांच राज्य शीर्ष पांच में रहे। इससे पता चलता है कि भारत में वाहन मांग कुछ बड़े बाजारों में केंद्रित है।
तिमाही के दौरान श्रेणीवार कुल बिक्री
यात्री वाहन 13.61 लाख
दोपहिया वाहन 64.33 लाख
वाणिज्यिक वाहन 3.09 लाख
तीन-पहिया वाहन 2.85 लाख
तीन-पहिया श्रेणी में शीर्ष पांच में शामिल हुआ बिहार
राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, तीन-पहिया वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र की जगह बिहार शीर्ष पांच में शामिल हुआ। आंकड़ों से पता चलता है कि वाहन मांग पश्चिम और दक्षिण में केंद्रित है। तिमाही के दौरान यात्री, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में पश्चिमी क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब एक-तिहाई रही, जबकि तीन-पहिया वाहनों की बिक्री में दक्षिणी क्षेत्र आगे रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।