आपकी कार या बाइक उठा ले गई ट्रैफिक पुलिस? जानें कहां मिलेगी और कैसे छुड़ाएं?
ट्रैफिक पुलिस से टो की गई गाड़ी ट्रैफिक पिट या इम्पाउंड यार्ड में मिलती है। लोकेशन पता कर दस्तावेज और शुल्क देकर छुड़ाएं।

गाड़ी टो हो जाए तो कहां मिलेगी?

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। आपने बहुत से ऐसे लोगों को देखा होगा, जो बाजार जाते हैं और अपनी बाइक या कार को कही भी पार्क कर देते हैं। उनकी इस गलती का खामियाजा केवल लोगों को ही नहीं, बल्कि उनको भी भुगतना पड़ता है। बिना पार्किंग वाली जगह पर गाड़ी पार्क करने से ट्रैफिक की समस्या का सामना लोगों को करना पड़ता है। इसी समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ऐसे लोगों की गाड़ियों को क्रेन/टोइंग मशीन से उठाकर ले जाती है। हम यहां पर आपको विस्तार में बता रहे हैं कि अगर ट्रैफिक पुलिस आपकी गाड़ी टो कर ले जाए तो वह कहां मिलेगी और उसे वापस पाने के लिए आपको क्या करना होगा?
ट्रैफिक पुलिस गाड़ी टो करके कहां ले जाती है?
जब ट्रैफिक पुलिस नो-पार्किंग या किसी अन्य ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने पर आपकी गाड़ी टो करती है, तो उसे आमतौर पर नजदीकी ट्रैफिक पिट (Traffic Pit), इम्पाउंड यार्ड (Impound Yard), निर्धारित पुलिस परिसर या मल्टी पार्किंग में ले जाकर खड़ी करती है। कुछ जगहों पर वाहनों को संबंधित ट्रैफिक सर्कल या पुलिस स्टेशन के अधीन निर्धारित पार्किंग स्थल पर भी रखा जाता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि आपकी गाड़ी हमेशा नजदीकी पुलिस थाने में ही मिले, ऐसा जरूरी नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि संबंधित इलाके में ट्रैफिक पुलिस का टोइंग सिस्टम और इम्पाउंड यार्ड कहां मौजूद है।
-1795331557131.webp)
गाड़ी टो होने के बाद उसकी लोकेशन कैसे पता करें?
अगर आपकी गाड़ी पार्किंग की जगह से गायब है, तो सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि उसे ट्रैफिक पुलिस ने टो किया है या नहीं। इसके लिए आप नीचे बताए गए तरीकों की मदद ले सकते हैं।
- नजदीकी ट्रैफिक पुलिस स्टेशन से संपर्क करें: सबसे पहले उस इलाके के नजदीकी ट्रैफिक पुलिस स्टेशन या ट्रैफिक सर्कल में कनेक्ट करें, जहां आपने अपनी गाड़ी पार्क की थी। वहां गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर बताकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस आपको बता सकती है कि आपका वाहन टो किया गया है या नहीं और उसे किस ट्रैफिक पिट या इम्पाउंड यार्ड में रखा गया है।
- ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर चेक करें: कई शहरों की ट्रैफिक पुलिस अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टो किए गए वाहनों की जानकारी उपलब्ध कराती है। अगर आपके शहर में यह सुविधा मौजूद है, तो आप गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर उसका टोइंग या इम्पाउंड स्टेटस चेक कर सकते हैं।
- ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करें: अगर आपको ऑनलाइन गाड़ी की जानकारी नहीं मिल रही है, तो संबंधित शहर की ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। फोन पर वाहन का नंबर, गाड़ी का मॉडल और वह जगह बताएं जहां आपने वाहन पार्क किया था। उदाहरण के तौर पर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 1095 और 011-25844444 है। दूसरे शहरों में संबंधित ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि 112 पूरे देश में आपातकालीन सहायता के लिए है। केवल टो किए गए वाहन की सामान्य लोकेशन जानने के लिए स्थानीय ट्रैफिक पुलिस से संपर्क करना ज्यादा सही रहेगा।
- ट्रैफिक पिट या इम्पाउंड यार्ड की जानकारी लें: अगर पुलिस पुष्टि कर देती है कि आपकी गाड़ी टो की गई है, तो उससे संबंधित ट्रैफिक पिट या इम्पाउंड यार्ड का पूरा पता पूछें। वहां जाने से पहले यह भी पता कर लें कि वाहन छुड़ाने का समय क्या है और किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ेगी।
टो की गई गाड़ी वापस कैसे मिलेगी?
गाड़ी की लोकेशन पता चलने के बाद अगला काम उसे वापस लेना है। इसके लिए आपको कुछ जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।
1. जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें
गाड़ी छुड़ाने के लिए वाहन से संबंधित पहचान और स्वामित्व के दस्तावेज साथ रखना बेहतर है।
- गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
- ड्राइविंग लाइसेंस (DL)
- वैध इंश्योरेंस पॉलिसी
- पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट
- वाहन मालिक का पहचान पत्र
अगर गाड़ी का मालिक खुद मौजूद नहीं है, तो वाहन छुड़ाने के लिए अधिकृत व्यक्ति को मालिक की अनुमति और संबंधित दस्तावेज भी साथ रखने पड़ सकते हैं। डिजिटल दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित ट्रैफिक पुलिस से जरूर करें।

2. चालान और टोइंग चार्ज जमा करें
ट्रैफिक पुलिस द्वारा गाड़ी टो किए जाने पर वाहन मालिक को संबंधित ट्रैफिक नियम के उल्लंघन का जुर्माना और टोइंग चार्ज देना पड़ सकता है। इसके अलावा कुछ शहरों में निर्धारित समय से ज्यादा इम्पाउंड यार्ड में वाहन रखने पर अतिरिक्त कस्टडी चार्ज भी लिया जाता है। इन शुल्कों की राशि वाहन के प्रकार और स्थानीय नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। इसलिए भुगतान करने से पहले संबंधित ट्रैफिक पुलिस से कुल राशि की जानकारी जरूर लें।
3. भुगतान की रसीद जरूर लें
चालान और टोइंग चार्ज का भुगतान करने के बाद उसकी रसीद जरूर हासिल करें। इसके बाद संबंधित अधिकारी को भुगतान का प्रमाण दिखाकर वाहन रिलीज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
4. गाड़ी की स्थिति और सामान चेक करें
वाहन वापस मिलने पर उसकी बाहरी स्थिति, शीशे, टायर और अन्य जरूरी हिस्सों की जांच करें। साथ ही गाड़ी में रखे अपने निजी सामान को भी चेक कर लें। अगर वाहन में कोई नुकसान दिखाई देता है, तो गाड़ी वहां से निकालने से पहले संबंधित अधिकारी को इसकी जानकारी दें।
-1795331663303.webp)
दिल्ली में गाड़ी टो होने पर कहां करें संपर्क?
दिल्ली में वाहन टो होने की स्थिति में वाहन मालिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर टो किए गए वाहन का स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
- ट्रैफिक हेल्पलाइन: 1095
- अन्य संपर्क नंबर: 011-25844444
- वाहन टो स्टेटस: Delhi Traffic Police की आधिकारिक वेबसाइट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वाहन को वापस लेने के लिए संबंधित चालान और वाहन के प्रकार के हिसाब से टोइंग चार्ज का भुगतान करना पड़ता है। निर्धारित समय के बाद कस्टडी चार्ज भी लागू हो सकता है।
नोएडा में गाड़ी टो होने पर कहां करें संपर्क?
-1795331577179.webp)
अगर नोएडा में ट्रैफिक पुलिस आपकी कार या बाइक टो कर ले जाती है, तो सबसे पहले गौतम बुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस से संपर्क करें। इसके लिए आप ACP (Traffic Zone-Noida) के नंबर 8595902517 पर कॉल करके वाहन की स्थिति और उसे रखे जाने की जगह के बारे में जानकारी मांग सकते हैं। यह नंबर यूपी पुलिस की 2024 टेलीफोन डायरेक्टरी में दर्ज है। इसके अलावा, आप अपने इलाके के संबंधित पुलिस स्टेशन से भी संपर्क कर सकते हैं। गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर पुलिस स्टेशनों के संपर्क नंबर उपलब्ध हैं।
अगर गाड़ी वहां नहीं मिल रही है तो क्या करें?
अगर आपकी गाड़ी पार्किंग की जगह पर नहीं है और ट्रैफिक पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल या हेल्पलाइन पर भी टो किए जाने की जानकारी नहीं मिलती है, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर वाहन के गायब होने की जानकारी दें। अगर चोरी की आशंका है, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। आपातकालीन पुलिस सहायता की जरूरत होने पर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
क्या निजी टोइंग में भी यही प्रक्रिया लागू होती है?
यह जरूरी नहीं है कि हर बार गाड़ी ट्रैफिक पुलिस ही टो करे। कई बार सोसायटी प्रबंधन, निजी पार्किंग संचालक, रोडसाइड असिस्टेंस (RSA) या इंश्योरेंस कंपनी भी किसी कारण से वाहन को दूसरी जगह पहुंचा सकती है। ऐसी स्थिति में संबंधित सोसायटी प्रबंधन, पार्किंग संचालक या रोडसाइड असिस्टेंस कंपनी से संपर्क करें। अगर गाड़ी दुर्घटना के बाद टो की गई है, तो संबंधित वर्कशॉप या इंश्योरेंस कंपनी से भी उसकी लोकेशन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गाड़ी टो होने से कैसे बचें?
बार-बार टोइंग और जुर्माने से बचने के लिए वाहन पार्क करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
- नो-पार्किंग जोन में गाड़ी पार्क न करें।
- सड़क के किनारे पार्किंग करते समय ट्रैफिक साइनबोर्ड जरूर देखें।
- फुटपाथ, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क के प्रवेश-निकास द्वार के सामने वाहन खड़ा न करें।
- ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़े स्थानीय नियमों का पालन करें।
- वाहन पार्क करने के लिए हमेशा निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करें।
नोएडा में बाइक टो होने पर मेरा अनुभव
21 नवंबर 2026 को नोएडा के सेक्टर-18 के पास मेरी बाइक नोएडा प्राधिकरण ने नो-पार्किंग जोन में खड़ी होने के कारण टो कर ली। इसके बाद बाइक को रेडिसन होटल के सामने स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग में ले जाकर खड़ा किया गया। वहां लगे सार्वजनिक सूचना बोर्ड पर साफ तौर पर लिखा था कि टो किए गए चार पहिया वाहनों के लिए 1,000 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपये का आर्थिक दंड निर्धारित है। मुझे अपनी बाइक वापस हासिल करने के लिए 250 रुपये का जुर्माना जमा करना पड़ा।
-1795331635950.webp)
हालांकि, वहां एक हैरान करने वाली बात भी देखने को मिली। एक व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और अपने पद का रौब दिखाते हुए बिना कोई आर्थिक दंड जमा किए अपना वाहन लेकर चला गया। इस घटना ने नोएडा में टोइंग और पार्किंग नियमों के समान रूप से लागू होने पर सवाल खड़े किए हैं। आखिर जब आम नागरिकों को नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना देना पड़ता है, तो क्या सरकारी या पुलिसकर्मियों के लिए अलग नियम हैं? संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।