कौन नहीं काट सकता आपकी बाइक-कार का ट्रैफिक चालान, क्या हैं सड़क पर आपके अधिकार?
Traffic Challan Rules: ट्रैफिक चेकिंग के दौरान चाबी निकालने, चालान जारी करने से जुड़े अपने अधिकार पहचानें।

ट्रैफिक पुलिस चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के कानूनी अधिकार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। सड़क पर आपकी गाड़ी दौड़ रही हो और अचानक ट्रैफिक पुलिस की सीटी सुनाई दे जाएं, तो सबसे पहले दिमाग में यही सवाल आता है कि आखिर गलती क्या हुई? इसके बाद कभी कागजातों की चेकिंग होती है, कभी चालान की बात आती है तो कभी पुलिसकर्मी गाड़ी की चाबी तक निकाल लेते हैं। अब सवाल आता है कि क्या हर वर्दी पहनने वाले के पास आपकी गाड़ी रोकने, चाबी निकालने या चालान काटने का अधिकार है? दिलचस्प बात यह है कि सड़क पर सिर्फ ट्रैफिक पुलिस के ही अधिकार नहीं होते, वाहन चालकों के भी कुछ कानूनी अधिकार होते हैं। ऐसे में अगली बार सड़क पर पुलिस की चेकिंग हो, तो घबराने के बजाय जानिए कि कानून आपको क्या अधिकार देता है और किन परिस्थितियों में आप पुलिसकर्मी से सवाल पूछ सकते हैं? आइए सड़क पर वाहन चालकों के अधिकार के बारे में विस्तार में जानते हैं।
क्या ट्रैफिक पुलिसकर्मी आपकी गाड़ी की चाबी निकाल सकता है?
ट्रैफिक चेकिंग के दौरान कई बार पुलिसकर्मी वाहन चालक की बाइक या कार की चाबी निकाल लेते हैं। हालांकि, मोटर वाहन कानून के तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मी को जबरन किसी वाहन की चाबी निकालने का अधिकार नहीं दिया गया है। अगर आपने किसी ट्रैफिक नियम का उल्लंघन किया है, तो पुलिस आपको वाहन रोकने के लिए कह सकती है और नियमानुसार कार्रवाई कर सकती है।
इसका मतलब यह नहीं है कि पुलिसकर्मी आपकी गाड़ी की चाबी जबरन निकाल लें। ऐसी स्थिति में वाहन चालक को घबराने या पुलिसकर्मी से बहस करने के बजाय शांति बनाए रखनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वह पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज करा सकता है।
कौन काट सकता है आपकी बाइक और कार का चालान?
सड़क पर वाहन चलाते समय यह जानना भी जरूरी है कि हर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को चालान काटने का अधिकार नहीं होता। आमतौर पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI), सब-इंस्पेक्टर (SI) और इंस्पेक्टर लेवल के अधिकारियों को चालान जारी करने का अधिकार होता है।
वहीं, ट्रैफिक कांस्टेबल इस प्रक्रिया में अधिकारियों की सहायता कर सकते हैं। इसलिए अगर कोई पुलिसकर्मी आपका चालान काट रहा है, तो आप विनम्रता से उसकी पहचान और पद के बारे में जानकारी मांग सकते हैं। इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि चालान जारी करने वाला अधिकारी अधिकृत है या नहीं।
चालान कटने पर इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
अगर ट्रैफिक पुलिस आपका चालान काटती है, तो जल्दबाजी में कोई कदम उठाने के बजाय पूरी प्रक्रिया को समझें। चालान जारी करने वाले अधिकारी के पास आधिकारिक चालान बुक या ई-चालान मशीन होनी चाहिए। यही चालान जारी करने के निर्धारित तरीकों में शामिल हैं।
अगर आप मौके पर ही चालान का भुगतान करते हैं, तो भुगतान के बाद उसकी रसीद जरूर लें। रसीद इस बात का प्रमाण होती है कि आपने चालान का भुगतान कर दिया है। बिना रसीद के किसी भी तरह का चालान भुगतान करने से बचना चाहिए। इसके अलावा, चालान जारी होने के बाद उसकी जानकारी और उसमें दी गई डिटेल्स को भी ध्यान से जरूर चेक करें।
क्या पुलिस आपके वाहन को जबरन टो कर सकती है?
गलत जगह पर वाहन पार्क करना भी ट्रैफिक नियमों से जुड़ी एक आम समस्या है। कई बार सड़क किनारे खड़ी बाइक या कार को पुलिस टो करने के लिए पहुंच जाती है। हालांकि, अगर आप खुद अपने वाहन में बैठे हुए हैं, तो सामान्य परिस्थितियों में पुलिस तुरंत आपके वाहन को टो नहीं कर सकती।
जहां पर आप अपनी कार को पार्क करके उसके अंदर बैठे हुए है, वहां ट्रैफिक की स्थिति जरूरी है। अगर आपके वाहन की वजह से सड़क पर जाम लग रहा है या ट्रैफिक बाधित हो रहा है, तो ऐसी स्थिति में अलग नियम लागू हो सकते हैं। इसलिए वाहन पार्क करते समय हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि आपकी गाड़ी से दूसरे लोगों को परेशानी न हो।
ट्रैफिक चेकिंग के दौरान क्या हैं आपके अधिकार?
ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। अगर आपको किसी पुलिसकर्मी की पहचान को लेकर संदेह है, तो आप विनम्रता से उससे आईडी कार्ड दिखाने के लिए कह सकते हैं। इसके अलावा, चालान जारी करने वाले अधिकारी के पास चालान बुक या ई-चालान मशीन होनी चाहिए।
अगर आपने कोई ट्रैफिक नियम नहीं तोड़ा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप शांति से अपने वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज अधिकारी को दिखा सकते हैं। अगर पुलिस आपका ड्राइविंग लाइसेंस जब्त करती है, तो उसकी रसीद लेना न भूलें। इसी तरह, चालान का भुगतान करने के बाद भी उसकी आधिकारिक रसीद जरूर अपने पास रखें।
हिरासत में लेने पर पुलिस को करना होगा यह काम
ट्रैफिक चेकिंग के दौरान किसी विवाद या अन्य कारण से अगर पुलिस आपको हिरासत में लेती है, तो इससे जुड़े नियमों की जानकारी होना भी जरूरी है। ऐसी स्थिति में पुलिस को हिरासत में लिए गए व्यक्ति को 24 घंटे के अंदर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होगा।
इसलिए वाहन चालकों को यह समझना चाहिए कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान उनके भी कुछ कानूनी अधिकार हैं। अगर आपको लगता है कि कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी आपको अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है या आपके साथ गलत व्यवहार कर रहा है, तो आप संबंधित पुलिस स्टेशन जाकर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ट्रैफिक चेकिंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
कुल मिलाकर, सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी अपने अधिकारों को समझना भी है। पुलिस द्वारा चेकिंग किए जाने पर सहयोग करें, जरूरी दस्तावेज दिखाएं और किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें। चालान की आधिकारिक रसीद लेना, अधिकारी की पहचान जानना और लाइसेंस जब्त होने पर उसकी रसीद मांगना न भूलें। जागरूक वाहन चालक बनकर आप अनावश्यक परेशानी से बच सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।