कार की वायरिंग को चूहों से कैसे बचाएं? इन 5 असरदार तरीकों से रखें दूर, वरना मरम्मत में लग सकते हैं हजारों रुपये
कार की वायरिंग बचाने के लिए रैट रिपेलेंट स्प्रे, अल्ट्रासोनिक डिवाइस, स्टील मेश, नियमित सफाई और सुरक्षित पार्किंग अपनाना जरूरी है।

कार में चूहों से वायरिंग को बचाने के तरीकें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। कार चलाते समय अचानक चेक इंजन लाइट जलने लगे, सेल्फ स्टार्ट कमजोर हो जाए या एक्सीलेटर ठीक से काम न करे, तो इसकी वजह केवल तकनीकी खराबी नहीं होती। कई बार कार के इंजन वाली जगह में छिपे चूहे भी इन परेशानियों की वजह बन सकते हैं। चूहे कार की वायरिंग, रबर होज और प्लास्टिक कवर को कुतरकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई मामलों में पूरी इंजन वायरिंग बदलने का खर्च 25,000 रुपये से लेकर 1.20 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कार में चूहे क्यों घुसते हैं और उनसे वायरिंग को बचाने के लिए कौन-से तरीके अपनाए जा सकते हैं?
कार की वायरिंग को चूहे क्यों कुतरते हैं?
चूहों के सामने के दांत लगातार बढ़ते रहते हैं। इन्हें कंट्रोल रखने के लिए वे रबर, प्लास्टिक और फोम जैसी नरम चीजों को कुतरते रहते हैं। कार के इंजन वाले एरिया में मौजूद वायरिंग की बाहरी परत और रबर की होज उन्हें इसके लिए अनुकूल सामग्री उपलब्ध कराती हैं।
कार चलाने के बाद इंजन कई घंटों तक गर्म रहता है। यह गर्म जगह चूहों को ठंडी रात और बाहर मौजूद कुत्तों-बिल्लियों जैसे शिकारियों से बचने के लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाता है। अगर उन्हें यहां छिपने की जगह और कुतरने के लिए केबल मिल जाएं, तो वे बार-बार उसी कार में लौट सकते हैं।
चूहों को कार में घुसने से रोकने के तरीके
1. कड़वे रैट रिपेलेंट स्प्रे का करें इस्तेमाल
कार की वायरिंग को चूहों से बचाने के लिए ऑटोमोटिव रैट रिपेलेंट स्प्रे एक पॉपुलर और किफायती ऑप्शन है। इनमें डेनाटोनियम बेंजोएट जैसे बेहद कड़वे केमिकल कंपाउंड हो सकते हैं। स्प्रे सूखने के बाद वायरिंग, रबर होज और प्लास्टिक पाइप पर एक ऐसी परत छोड़ता है, जिसका स्वाद चूहों को पसंद नहीं आता।
इसका इस्तेमाल करने से पहले इंजन वाले एरिया को ड्राई-वॉश या वॉटरलेस फोम क्लीनर से साफ करें। इंजन पूरी तरह ठंडा होने के बाद खुले तारों, फायरवॉल इंसुलेशन पैड और व्हील आर्च के आसपास स्प्रे करें। इसे कुछ घंटे सूखने दें। बेहतर सेफ्टी के लिए हर दो से तीन महीने में दोबारा इस्तेमाल करें। तेज बारिश या मानसून के दौरान स्प्रे धुल सकता है, इसलिए जरूरत के अनुसार इसे फिर लगाएं।
2. अल्ट्रासोनिक रैट रिपेलेंट और स्ट्रोब लाइट
अल्ट्रासोनिक रैट रिपेलेंट एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसे कार की 12V बैटरी से जोड़ा जा सकता है। कुछ डिवाइस रिचार्जेबल बैटरी पर भी काम करते हैं। ये आमतौर पर 20 से 65 किलोहर्ट्ज की हाई-फ्रीक्वेंसी आवाज निकालते हैं, जो इंसानों को सुनाई नहीं देती, लेकिन चूहों के लिए असहज हो सकती है।
कुछ डिवाइस में फ्लैशिंग LED स्ट्रोब लाइट भी होती हैं। अचानक चमकने वाली रोशनी इंजन वाली जगह को चूहों के लिए कम सुरक्षित महसूस करा सकती है। डिवाइस खरीदते समय लो-वोल्टेज बैटरी प्रोटेक्शन जरूर देखें, ताकि कार की बैटरी का वोल्टेज 11.8V से नीचे जाने पर यह अपने आप बंद हो जाए। हालांकि, चूहे समय के साथ इन आवाजों के अभ्यस्त हो सकते हैं, इसलिए इसे स्थायी समाधान न समझें।
3. स्टेनलेस स्टील मेश से रास्ते बंद करें
चूहों को कार में घुसने से रोकने के लिए फिजिकल बैरियर भी उपयोगी है। वे AC के फ्रेश एयर इनटेक और इंजन एयर इनटेक के रास्ते अंदर पहुंच सकते हैं। इसके बाद केबिन फिल्टर, एयर डक्ट और डैशबोर्ड के पीछे मौजूद वायरिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
ऐसे रास्तों पर बारीक स्टेनलेस स्टील वायर मेश लगाई जा सकती है। चूहे स्टेनलेस स्टील को आसानी से कुतर नहीं सकते। बाजार में कुछ पॉपुलर कारों के लिए कस्टम मेश किट भी उपलब्ध हैं। इन्हें AC इनटेक और निचले इंजन कवर जैसे एंट्री वाले जगहों पर लगवाया जा सकता है।
4. पुदीने के तेल और तंबाकू की पोटली का ऑप्शन
कुछ कार मालिक प्राकृतिक तरीकों से भी चूहों को दूर रखने की कोशिश करते हैं। कच्चे तंबाकू की पत्तियों को छोटे कपड़े के पाउच में रखकर सस्पेंशन स्ट्रट और बैटरी ट्रे के आसपास टांगा जा सकता है। इसकी तेज गंध चूहों को परेशान कर सकती है।
इसी तरह, पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल में भीगी रुई को इंजन वाली जगह के कोनों में रखा जा सकता है। इसकी मेंथॉल वाली गंध चूहों को पसंद नहीं आती। हालांकि, तेल जल्दी उड़ जाता है, इसलिए इसे हर तीन से चार दिन में दोबारा इस्तेमाल करना पड़ सकता है। इंजन वाली जगह में नेफथलीन की गोलियां न रखें। ये ज्वलनशील हो सकती हैं और इनसे निकलने वाले जहरीले धुएं AC के रास्ते केबिन में पहुंच सकते हैं।
5. कार की सफाई और पार्किंग का रखें ध्यान
कार के अंदर बिस्किट के टुकड़े, खाने के रैपर या अन्य खाद्य पदार्थ न छोड़ें। फ्लोर मैट और केबिन को नियमित रूप से साफ रखें। इसके अलावा, कूड़ेदान, सब्जी मंडी और खुले नालों के पास कार पार्क करने से बचें। संभव हो तो खुली और रोशनी वाली जगह चुनें।
अगर इंजन वाली जगह में चूहों की बीट या उनके आने-जाने के निशान दिखाई दें, तो सफाई करें। चूहे अपने पीछे पेशाब और फेरोमोन के जरिए गंध के निशान छोड़ते हैं, जो दूसरे चूहों को भी उसी जगह आकर्षित कर सकते हैं।
कार को चूहों से बचाने का सबसे अच्छा तरीका क्या है?
कार की वायरिंग को सुरक्षित रखने के लिए केवल एक उपाय पर निर्भर रहना सही नहीं है। आप वायरिंग पर कड़वे रिपेलेंट स्प्रे का इस्तेमाल करने के साथ अल्ट्रासोनिक डिवाइस लगा सकते हैं। वहीं, बेसमेंट पार्किंग में खड़ी कारों के लिए AC इनटेक पर स्टेनलेस स्टील मेश और नियमित सफाई कर सकते हैं। चूहों से होने वाला नुकसान अचानक कार की इलेक्ट्रिकल समस्याओं और महंगे रिपेयर बिल की वजह बन सकता है। इसलिए हर सप्ताह इंजन वाली जगह की जांच करें और समय रहते बचाव के उपाय अपनाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।