FWD vs RWD SUVs: दोनों ड्राइवट्रेन में कितना अंतर? भारतीय सड़कों के लिए कौन है बेहतर?
भारतीय सड़कों पर रोजाना इस्तेमाल के लिए FWD SUVs व्यावहारिक हैं, जबकि भारी लोड और खास जरूरतों में RWD उपयोगी ऑप्शन है।

FWD और RWD ड्राइवट्रेन के फायदे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। आजकल भारतीय बाजार में SUVs की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में नई SUV खरीदते समय लोग माइलेज, इंजन पावर, सेफ्टी और फीचर्स के साथ-साथ उसकी ड्राइविंग क्षमता पर भी ध्यान देते हैं। क्या आप जानते हैं कि SUV में मिलने वाला FWD और RWD सिस्टम भी उसके परफॉर्मेंस और ड्राइविंग अनुभव को काफी प्रभावित करता है? दोनों ड्राइवट्रेन के अपने अलग फायदे और नुकसान हैं। FWD जहां रोजाना शहर में गाड़ी चलाने वालों के लिए बेहतर ऑप्शन माना जाता है, वहीं RWD की अपनी खासियतें हैं। ऐसे में SUV खरीदने से पहले यह समझना जरूरी है कि इन दोनों में क्या अंतर है और भारतीय सड़कों पर कौन-सा ड्राइवट्रेन आपकी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकता है?
FWD क्या होता है? कैसे काम करता है?
- फ्रंट-व्हील ड्राइव यानी FWD सिस्टम में इंजन की पावर गाड़ी के अगले दोनों पहियों तक पहुंचती है। इस सिस्टम में आगे के पहिए गाड़ी को दिशा देने यानी स्टीयरिंग और उसे आगे बढ़ाने, दोनों का काम करते हैं। वहीं, पीछे के पहिए केवल गाड़ी के साथ चलते हैं।
- FWD सिस्टम का इस्तेमाल मॉर्डन SUVs में काफी आम है। इसका मुख्य कारण इसका अपेक्षाकृत सरल और कॉम्पैक्ट डिजाइन है। इसमें इंजन, गियरबॉक्स और ड्राइवट्रेन के कई प्रमुख हिस्से गाड़ी के अगले हिस्से में एक साथ लगाए जाते हैं। इससे केबिन के लिए ज्यादा जगह मिल सकती है।
- भारतीय बाजार में कई लोकप्रिय कॉम्पैक्ट और मिड-साइज SUVs फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आती हैं। इनमें Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Suzuki Brezza, Tata Nexon और Mahindra XUV 3XO शामिल हैं। इन गाड़ियों को मुख्य रूप से शहर में रोजाना इस्तेमाल, हाईवे ड्राइविंग और परिवार के साथ सफर जैसी जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
FWD SUV के फायदे
- रोजाना इस्तेमाल में मिलती है अच्छी ट्रैक्शन: FWD SUV में इंजन का वजन अगले पहियों पर होता है और इन्हीं पहियों को पावर भी मिलती है। इससे गीली सड़कों, ढीली बजरी और हल्की चढ़ाई पर बेहतर पकड़ बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ट्रैक्शन टायरों की स्थिति, सड़क और गाड़ी की रफ्तार पर भी निर्भर करती है।
- केबिन में मिलती है ज्यादा जगह: FWD सिस्टम में पीछे के एक्सल तक पावर पहुंचाने के लिए प्रोपेलर शाफ्ट की जरूरत नहीं होती। इससे केबिन का फर्श ज्यादा सपाट रखा जा सकता है और यात्रियों को बेहतर फुट स्पेस मिलता है।
- मिल सकता है बेहतर माइलेज: FWD सिस्टम में RWD के मुकाबले कम ड्राइवट्रेन कंपोनेंट्स और मैकेनिकल वजन होता है। इससे फ्यूल एफिशिएंसी बेहतर हो सकती है। हालांकि, माइलेज इंजन, गियरबॉक्स और ड्राइविंग कंडीशन पर भी निर्भर करता है।
- रोजाना ड्राइविंग में आसान हैंडलिंग: FWD SUVs का ड्राइविंग व्यवहार सामान्य परिस्थितियों में अनुमान के मुताबिक होता है। तेज मोड़ पर इनमें अंडरस्टियर हो सकता है, यानी गाड़ी उम्मीद से कम मुड़ती है।
RWD क्या होता है? कैसे काम करता है?
- रियर-व्हील ड्राइव यानी RWD सिस्टम में इंजन की पावर पिछले पहियों तक पहुंचती है, जबकि आगे के पहिए केवल स्टीयरिंग का काम करते हैं। पारंपरिक फ्रंट-इंजन RWD गाड़ी में पावर पहले गियरबॉक्स से गुजरती है और फिर प्रोपेलर शाफ्ट के जरिए पिछले एक्सल तक पहुंचती है। इसके बाद रियर डिफरेंशियल पावर को पिछले दोनों पहियों तक भेजता है।
- इस तरह का ड्राइवट्रेन पारंपरिक लैडर-फ्रेम SUVs और भारी वजन उठाने के लिए बनाई गई गाड़ियों में देखने को मिलता है। यह गाड़ी के वजन के वितरण और ड्राइविंग व्यवहार को अलग तरीके से निर्धारित करता है।
- भारतीय बाजार में Mahindra Scorpio-N के RWD वेरिएंट, Mahindra Bolero, Mahindra Bolero Neo और Mahindra Thar के कुछ वेरिएंट में रियर-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है। Mahindra Thar Roxx के कुछ वेरिएंट भी इस ड्राइवट्रेन के साथ उपलब्ध हैं।
RWD SUV के फायदे
- भारी वजन खींचने के कैपेबल: RWD SUV में तेजी से आगे बढ़ने पर वजन पिछले हिस्से की ओर शिफ्ट होता है। चूंकि पिछले पहियों को ही इंजन की पावर मिलती है, इसलिए उन्हें बेहतर ट्रैक्शन बनाए रखने में मदद मिल सकती है। यह सिस्टम ज्यादा यात्रियों और भारी सामान के साथ सफर करने में उपयोगी होती है।
- अलग तरह का ड्राइविंग एक्सपीरिएंस: RWD में अगले पहिए केवल स्टीयरिंग का काम करते हैं, जिससे गाड़ी का हैंडलिंग और स्टीयरिंग फील अलग हो सकता है। हालांकि, तेज मोड़ पर ओवरस्टियर की स्थिति आ सकती है, जिसमें गाड़ी का पिछला हिस्सा बाहर की ओर जाने लगता है। बिना एक्सपीरिएंस ड्राइवरों के लिए इसे संभालना मुश्किल हो सकता है।
- पारंपरिक SUV प्लेटफॉर्म में इस्तेमाल: कई लैडर-फ्रेम SUVs में RWD सिस्टम मिलता है। यह प्लेटफॉर्म भारी लोड और मुश्किल रास्तों के लिए बनाई गई गाड़ियों में इस्तेमाल होता है। हालांकि, बेहतर ऑफ-रोड क्षमता के लिए सस्पेंशन, चेसिस, ग्राउंड क्लीयरेंस, टायर और डिफरेंशियल भी महत्वपूर्ण होते हैं।
FWD vs RWD: कौन-सा बेहतर?
भारत में SUV चलाते समय शहर का ट्रैफिक, गड्ढे, बारिश, पहाड़ी रास्ते और खराब सड़कें जैसी परिस्थितियां मिलती हैं। ऐसे में FWD और RWD दोनों के अपने फायदे हैं।
- शहर और हाईवे पर ड्राइविंग: शहर के ट्रैफिक और रोजाना इस्तेमाल के लिए FWD SUV ज्यादा व्यावहारिक है। वहीं, हाईवे पर दोनों ड्राइवट्रेन आरामदायक सफर दे सकते हैं। यहां इंजन, गियरबॉक्स और सस्पेंशन भी महत्वपूर्ण हैं।
- बारिश और पहाड़ी रास्तों के लिए: गीली सड़कों पर FWD को अगले पहियों पर इंजन के वजन का फायदा मिल सकता है, जबकि हल्के पिछले एक्सल वाली RWD SUV में ट्रैक्शन प्रभावित हो सकता है। सामान्य पहाड़ी रास्तों पर दोनों उपयोगी हैं, लेकिन पथरीले और खराब रास्तों के लिए 4WD बेहतर ऑप्शन है।
- भारी सामान के लिए: ज्यादा यात्रियों या भारी सामान के साथ RWD उपयोगी हो सकती है। तेजी से आगे बढ़ने पर वजन पीछे शिफ्ट होता है, जिससे पिछले पहियों को बेहतर पकड़ मिल सकती है। हालांकि, लोड क्षमता का ध्यान रखना जरूरी है।
FWD, RWD, AWD और 4WD में क्या है अंतर?
- FWD और RWD दोनों टू-व्हील ड्राइव सिस्टम हैं, लेकिन इनमें पावर पहुंचाने वाले पहिए अलग होते हैं। FWD में इंजन की पावर आगे के पहियों को मिलती है, जबकि RWD में पिछले पहियों को पावर मिलती है।
- इसके विपरीत, AWD और 4WD सिस्टम में गाड़ी के चारों पहियों तक पावर पहुंच सकती है। इसलिए अगर आपका इस्तेमाल गहरी मिट्टी, ढीली रेत, पथरीले रास्तों या मुश्किल ऑफ-रोड ट्रेल्स पर होता है, तो केवल FWD और RWD के बीच चुनाव करने के बजाय उपयुक्त 4WD SUV पर विचार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- 3-सिलेंडर और 4-सिलेंडर इंजन में क्या है फर्क, किसमें मिलेगा ज्यादा माइलेज और पावर?