क्या कार में डैशकैम लगवाने से खत्म हो जाती है वारंटी? क्या है इसके इंस्टॉलेशन का सही तरीका?
डैशकैम हार्डवायरिंग से कार की वारंटी नहीं खत्म होती, लेकिन गलत वायरिंग इलेक्ट्रिकल क्लेम और बैटरी की वारंटी पर सकता है।

डैशकैम हार्डवायरिंग क्या कार वारंटी खत्म कर सकती है?

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सड़कों पर गाड़ी चलाते समय कई बार ऐसी परिस्थितियां सामने आती हैं, जहां वीडियो रिकॉर्डिंग आपके लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस के साथ किसी विवाद, सड़क दुर्घटना या इंश्योरेंस क्लेम से जुड़े मामले में डैशकैम की फुटेज अहम सबूत बन सकती है। यही वजह है कि अब कई कार मालिक अपनी गाड़ी में डैशकैम लगवा रहे हैं। आमतौर पर इसे कार के 12V सॉकेट से कनेक्ट किया जाता है, लेकिन इग्निशन बंद होते ही कैमरा भी बंद हो जाता है। ऐसे में लगातार रिकॉर्डिंग और पार्किंग के दौरान निगरानी के लिए कुछ लोग डैशकैम (Dashcam) की हार्डवायरिंग करवाते हैं। हालांकि, इसे लगवाने से पहले एक सवाल जरूर सामने आता है कि क्या ऐसा करने से कार की वारंटी खत्म हो सकती है? आइए इसके बारे में विस्तार में जानते हैं।
क्या होती है डैशकैम हार्डवायरिंग?
- सामान्य तौर पर डैशकैम के साथ एक पावर केबल मिलती है, जिसे कार के 12V एक्सेसरी सॉकेट या USB पोर्ट में लगाया जा सकता है। कार स्टार्ट होने पर कैमरा चालू हो जाता है और इग्निशन बंद करने पर बिजली की सप्लाई रुकने से यह भी बंद हो जाता है। यह सबसे आसान प्लग-एंड-प्ले तरीका है।
- वहीं, हार्डवायरिंग में डैशकैम को सीधे कार के फ्यूज बॉक्स से कनेक्ट किया जाता है। इसके लिए एक खास हार्डवायर किट इस्तेमाल होती है, जिसमें तीन तार होते हैं। पहला ACC वायर है, जो इग्निशन चालू होने पर कैमरे को सिंग्नल मिलता है। दूसरा VCC या बैटरी वायर है, जो इंजन बंद होने के बाद भी बिजली सप्लाई करता है। तीसरा ग्राउंड वायर कार की चेसिस के किसी बिना पेंट वाले धातु के बोल्ट से जोड़ा जाता है।
- इस सेटअप की मदद से डैशकैम ड्राइविंग के दौरान रिकॉर्डिंग कर सकता है और पार्किंग मोड में भी रिकॉर्डिंग जारी रख सकता है। साथ ही, इसकी केबल को रूफ लाइनिंग और इंटीरियर की रबर बीडिंग के पीछे छिपाया जा सकता है।
गलत तरीके से डैशकैम लगवाने पर क्या होगा?
- डैशकैम की हार्डवायरिंग के दौरान सबसे बड़ी गलती कार की ओरिजिनल वायरिंग को काटना या उसमें छेड़छाड़ करना है। कुछ एक्सेसरी दुकानों पर मैकेनिक डैशकैम को बिजली सप्लाई देने के लिए कार के मेन वायरिंग हार्नेस की इंसुलेशन हटाकर तारों को काट या जोड़ देते हैं। इसके बाद खुले कनेक्शन को PVC टेप से ढक देते है।
- इस तरह की वायर स्प्लाइसिंग से कार के इलेक्ट्रिकल सिस्टम में समस्या आने का खतरा बढ़ जाता है। अगर सर्विस सेंटर के तकनीशियन को कटे हुए तार, खुला कॉपर या जोड़ी गई वायरिंग दिखाई देती है, तो वे इसे इलेक्ट्रिकल खराबी का संभावित कारण मान सकते हैं। ऐसी स्थिति में इंफोटेनमेंट स्क्रीन, पावर विंडो या अल्टरनेटर से जुड़ी शिकायत पर वारंटी क्लेम को खारिज किया जा सकता है।
कैसे करें सही इंस्टॉलेशन?
- डैशकैम की हार्डवायरिंग के लिए फ्यूज टैप को बेहतर ऑप्शन माना जाता है। यह एक छोटा कनेक्टर होता है, जिसे कार के फ्यूज बॉक्स में मौजूद किसी सही स्लॉट में लगाया जाता है। इसमें दो अलग-अलग फ्यूज लगाने की जगह होती है। एक फ्यूज कार के मेन इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट के लिए और दूसरा डैशकैम को पावर सप्लाई देने के लिए इस्तेमाल होता है।
- इस तरीके में कार की फैक्ट्री वायरिंग को काटने या उसमें बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ती। जरूरत पड़ने पर फ्यूज टैप हटाकर पुराने फ्यूज को उसकी जगह वापस लगाया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए कार के मॉडल के हिसाब से सही माइक्रो2, मिनी या लो-प्रोफाइल मिनी फ्यूज टैप सिलेक्ट करना जरूरी है।
- फ्यूज बॉक्स से हार्डवायरिंग कराने के अलावा OBD-II पावर एडॉप्टर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसे कार के डायग्नोस्टिक पोर्ट में कनेक्ट किया जाता है। यह इग्निशन की स्थिति पहचानने और पार्किंग मोड के दौरान डैशकैम को लगातार बिजली देने में मदद कर सकता है।
- इन एडॉप्टर में लो-वोल्टेज कट-ऑफ की सुविधा भी हो सकती है। इन्हें कुछ ही सेकंड में अनप्लग किया जा सकता है। इसके अलावा, कार कंपनियों की आधिकारिक एक्सेसरी कैटलॉग में उपलब्ध OEM-अप्रूव्ड डैशकैम का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या डैशकैम लगाने से कार की वारंटी खत्म हो जाएगी?
- कार की वारंटी में इंजन, पावरट्रेन, सस्पेंशन, पेंट और इलेक्ट्रिकल सिस्टम जैसे अलग-अलग हिस्से शामिल होते हैं। केवल डैशकैम लगाने की वजह से पूरी कार की वारंटी खत्म होना जरूरी नहीं है। हालांकि, अगर किसी इलेक्ट्रिकल खराबी का संबंध आफ्टरमार्केट डैशकैम या उसकी गलत इंस्टॉलेशन से साबित होता है, तो उस खराबी से जुड़ा वारंटी क्लेम प्रभावित हो सकता है।
- उदाहरण के लिए, अगर कार का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर काम करना बंद कर दे या बैटरी में समस्या आ जाए, तो सर्विस सेंटर डैशकैम की हार्डवायरिंग को इसकी वजह मान सकता है। ऐसे में इंस्टॉलेशन का तरीका और खराबी के कारण की जांच महत्वपूर्ण होगी।
क्या हो सकता है नुकसान?
- डैशकैम को पार्किंग मोड में लगातार चालू रखने का एक बड़ा जोखिम 12V कार बैटरी का डिस्चार्ज होना है। इंजन बंद रहने पर भी कैमरा बैटरी से बिजली लेता रहता है। अगर कार कई दिनों तक खड़ी रहे और डैशकैम लगातार बिजली खींचता रहे, तो बैटरी का वोल्टेज इतना कम हो सकता है कि इंजन स्टार्ट करने में परेशानी आ सकती है।
- लीड-एसिड बैटरी को बार-बार पूरी तरह डिस्चार्ज करना भी ठीक नहीं है। इससे उसकी कैपेसिटी कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में बैटरी की वारंटी के तहत रिप्लेसमेंट मांगने पर वर्कशॉप लगातार बिजली खपत की जांच कर सकती है। अगर डैशकैम को बैटरी डिस्चार्ज होने की वजह पाया जाता है, तो क्लेम खारिज हो सकता है।
- इस समस्या से बचने के लिए लो-वोल्टेज कट-ऑफ वाले हार्डवायर किट का इस्तेमाल करें। यह बैटरी का वोल्टेज तय सीमा तक गिरने पर डैशकैम की पावर सप्लाई बंद कर देता है। उदाहरण के लिए, कुछ किट 12.2V या 12.4V के स्तर पर बिजली काट सकती हैं।
डैशकैम लगवाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- सबसे पहले मैकेनिक को साफ-साफ बोल दें कि कार की फैक्ट्री वायरिंग को काटना, छीलना या उसमें स्प्लाइसिंग नहीं करनी है। केवल सही फ्यूज टैप का इस्तेमाल करें और एयरबैग, ABS तथा ECU जैसे जरूरी सिस्टम से जुड़े फ्यूज में टैप लगाने से बचें। इसके अलावा, अच्छी क्वालिटी की हार्डवायर किट चुनें, जिसमें सही इनलाइन फ्यूज, मजबूत केबल और लो-वोल्टेज कट-ऑफ मॉड्यूल मौजूद हो।
- कार की बड़ी सर्विस या इलेक्ट्रिकल डायग्नोस्टिक्स से पहले हार्डवायर किट को फ्यूज बॉक्स से हटाने के बारे में भी सोच सकते हैं। इससे सर्विस के दौरान आफ्टरमार्केट एक्सेसरी की वजह से होने वाली संभावित गलतफहमी से बचने में मदद मिल सकती है।
कौन-सा डैशकैम सेटअप सही?
- अगर आपकी कार सुरक्षित गेटेड सोसायटी या निजी पार्किंग में खड़ी रहती है और आपको केवल ड्राइविंग के दौरान रिकॉर्डिंग चाहिए, तो 12V सॉकेट या USB वाला सामान्य सेटअप वाला डैशकैम अपनी कार में लगवा सकते हैं। इसमें हार्डवायरिंग की जरूरत नहीं पड़ती और इंस्टॉलेशन भी आसान रहता है।
- अगर कार अक्सर सार्वजनिक सड़कों, खुले पार्किंग एरिया या बाजारों के पास खड़ी रहती है, तो पार्किंग निगरानी वाला हार्डवायर्ड डैशकैम आपके लिए सही हो सकता है। बस ध्यान रखना होगा कि इंस्टॉलेशन फ्यूज टैप से हो, बैटरी प्रोटेक्शन की सुविधा मौजूद हो और कार की मूल वायरिंग से कोई छेड़छाड़ न की जाए।
यह भी पढ़ें- क्या गर्म पानी से कार के डेंट ठीक हो सकते हैं? कितना असरदार है यह तरीका?