ट्रैफिक में कार चलाते समय न करें ये 7 गलतियां, नहीं तो क्लच प्लेट जल्द हो जाएगी खराब
ट्रैफिक में क्लच का सही इस्तेमाल करें। हाफ क्लच, गलत गियर और ज्यादा एक्सीलेरेटर से बचें। समय पर रखरखाव भी जरूर करवाएं।

कार क्लच प्लेट खराब होने से बचाने के 7 तरीके

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। शहरों में बढ़ते ट्रैफिक के बीच कार चलाना किसी चुनौती से कम नहीं है। खासकर पीक आवर्स में बार-बार ब्रेक लगाने, गाड़ी रोकने और फिर आगे बढ़ाने की जरूरत पड़ती है। इस दौरान कई ड्राइवर अनजाने में ऐसी गलतियां करते हैं, जिनका असर कार के क्लच पर पड़ सकता है। मैनुअल गियरबॉक्स वाली कारों में क्लच का सही इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। गलत तरीके से क्लच इस्तेमाल करने पर घर्षण बढ़ सकता है और क्लच प्लेट समय से पहले घिस सकती है। ऐसे में अगर आप भी रोजाना ट्रैफिक में कार चलाते हैं, तो इन 7 गलतियों से बचना चाहिए।
कार क्लच प्लेट को खराब होने से बचाने के तरीके
1. गाड़ी चलाते समय हाफ क्लच का इस्तेमाल न करें
ट्रैफिक में धीरे-धीरे कार आगे बढ़ाने के लिए कई ड्राइवर लगातार हाफ क्लच (Half Clutch) का इस्तेमाल करते हैं। यानी वे क्लच पेडल को पूरी तरह छोड़ने के बजाय आधा दबाकर रखते हैं। ऐसा करने से क्लच प्लेट पर घर्षण बढ़ता है और उसके जल्दी घिसने की आशंका रहती है। इसलिए क्लच का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें। गियर बदलते समय इसे पूरा दबाएं और गियर बदलने के बाद धीरे-धीरे पूरी तरह छोड़ दें। बेवजह हाफ क्लच पर पैर रखने की आदत से बचें।
2. क्लच पेडल पर पैर टिकाकर न रखें
कार चलाते समय कई लोग अपना बायां पैर क्लच पेडल पर टिकाकर रखते हैं। वहीं, कार चलाने वाले कुछ राइडर्स लगातार क्लच लीवर को दबाकर रखते हैं। यह आदत सही नहीं है। क्लच का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर ही करना चाहिए। कार चलाते समय गियर बदलने के बाद पैर क्लच पेडल से हटा लें।
3. रेड सिग्नल पर गियर में क्लच दबाकर खड़े न रहें
लाल बत्ती या ट्रैफिक जाम में रुकने के दौरान कई ड्राइवर कार को पहले गियर में रखकर लगातार क्लच दबाए रखते हैं। लंबे समय तक ऐसा करना क्लच के लिए अनावश्यक है। जब भी आपको ट्रैफिक सिग्नल पर रुकना पड़े, तो कार को न्यूट्रल गियर में कर दें और क्लच पेडल से पैर हटा लें। इससे लगातार क्लच दबाकर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
4. कार को हमेशा पहले गियर से आगे बढ़ाएं
कार को आगे बढ़ाते समय सही गियर का चुनाव करना बेहद जरूरी है। कई बार जल्दबाजी में ड्राइवर गलत गियर में ही कार आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं। ऐसी आदत से बचें और हमेशा पहले गियर से ही कार को आगे बढ़ाएं। इससे कार को चलाना आसान रहता है और क्लच का इस्तेमाल भी सही तरीके से किया जा सकता है।

5. कम स्पीड में ऊंचे गियर का इस्तेमाल न करें
ट्रैफिक में कार की स्पीड बार-बार कम और ज्यादा होती रहती है। ऐसी स्थिति में कम स्पीड पर ऊंचे गियर में कार चलाने से बचना चाहिए। कार की रफ्तार के अनुसार सही गियर का चुनाव करें। गलत गियर में गाड़ी चलाने की आदत से क्लच का इस्तेमाल सही तरीके से नहीं हो पाता। इसलिए स्पीड के हिसाब से समय पर गियर बदलना जरूरी है।
6. क्लच छोड़ते समय ज्यादा एक्सीलेरेटर न दें
कई ड्राइवर कार को आगे बढ़ाते समय क्लच छोड़ने के साथ जरूरत से ज्यादा एक्सीलेरेटर दे देते हैं। खासकर ट्रैफिक में जल्दी आगे निकलने की कोशिश में ऐसा देखने को मिलता है। इस आदत से बचना चाहिए। कार को आगे बढ़ाते समय सही गियर का इस्तेमाल करें और क्लच छोड़ने के साथ जरूरत के अनुसार ही एक्सीलेरेटर दें।
7. क्लच का फ्री-प्ले और समय पर रखरखाव न भूलें
कार के क्लच में सही फ्री-प्ले (Free Play) होना जरूरी है। इसे हमेशा कंपनी के मैन्युअल में दिए गए निर्देशों के अनुसार रखें। क्लच में बिल्कुल फ्री-प्ले न होने पर क्लच स्लिप हो सकती है और प्लेट जल्दी खराब होने का खतरा रहता है। इसके अलावा, कार का सही इंजन ऑयल भी कंपनी के निर्देशों के अनुसार समय पर बदलवाते रहें। नियमित रखरखाव से कार को बेहतर स्थिति में रखने में मदद मिलती है।

क्लच प्लेट को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं सही ड्राइविंग आदतें
क्लच प्लेट की उम्र बढ़ाने के लिए ड्राइविंग के दौरान छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। हाफ क्लच से बचना, रुकने पर न्यूट्रल करना, सही गियर चुनना और क्लच का फ्री-प्ले बनाए रखना अच्छी ड्राइविंग आदतों में शामिल है। इन बातों का ध्यान रखकर आप क्लच के अनावश्यक इस्तेमाल से बच सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।