बढ़ रहा तनाव: यूक्रेन को हथियार देने पर रूस की चेतावनी, कहा- ब्रिटिश हथियारों से वार हुआ तो हम ब्रिटेन पर करेंगे हमला
यूक्रेन ने ब्रिटेन के दिए हथियारों से यदि रूसी धरती पर हमला किया तो रूस जवाब में ब्रिटेन पर हमला करेगा। यह बात रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कही है। रूसी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि रूस पर हमले की स्थिति में यूक्रेन में और उसके बाहर स्थित ब्रिटिश ठिकाने रूसी हमलों का निशाना बनेंगे। इस तरह के किसी कदम के विनाशकारी दूरगामी परिणाम होंगे।
रॉयटर, मॉस्को। यूक्रेन ने ब्रिटेन के दिए हथियारों से यदि रूसी धरती पर हमला किया, तो रूस जवाब में ब्रिटेन पर हमला करेगा। यह बात रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कही है। रूस की यह चेतावनी पश्चिमी देशों को यूक्रेन को लंबी दूरी के हथियार देने के खतरों से आगाह करने के बाद आई है।
रूस ने किया आगाह
अमेरिका ने इस खतरे को काफी हद तक ध्यान में रखा है लेकिन ब्रिटेन सहित कई यूरोपीय देश यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार देने की पैरोकारी करते सुनाई दिए हैं। रूसी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि रूस पर हमले की स्थिति में यूक्रेन में और उसके बाहर स्थित ब्रिटिश ठिकाने रूसी हमलों का निशाना बनेंगे।
अमेरिका की सभी संपत्तियां होंगी जब्त
विदित हो कि ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने कहा है कि यूक्रेन को अधिकार है कि वह ब्रिटेन के दिए हथियारों का इस्तेमाल रूसी धरती पर हमलों के लिए करे। इस बीच रूस में स्थित अमेरिकी संपत्तियों और सिक्युरिटी बांड को जब्त करने के आदेश पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस आदेश से रूसी एजेंसियों को रूस में स्थित अमेरिका की सभी तरह की संपत्तियों को जब्त करने का अधिकार मिल गया है।
300 अरब डॉलर की संपत्तियों को जब्त किया
रूस ने यह व्यवस्था प्रतिबंधों के तहत जब्त रूसी संपत्तियों को बेचकर प्राप्त धन से यूक्रेन की मदद की योजना के जवाब में बनाई है। इसी प्रकार से प्रतिबंधों के तहत जब्त की गई रूसी संपत्ति को नीलाम कर प्राप्त धनराशि से यूक्रेन की मदद की यूरोपीय संघ (ईयू) की योजना का रूस ने कड़ा प्रतिकार किया है।
जाखारोवा ने कहा, इस तरह के किसी कदम के विनाशकारी दूरगामी परिणाम होंगे। विदित हो कि 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस की करीब 300 अरब डालर की संपत्तियों को जब्त किया था।
रूसी सेनाओं के उप प्रमुख रिश्वतखोरी में गिरफ्तार
रूसी सेनाओं के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल वादिम शेमेरीन को बड़े पैमाने पर रिश्वतखोरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पहले इसी हफ्ते यूक्रेन में रूसी कार्रवाई के शीर्ष कमांडरों में शामिल रहे मेजर जनरल इवान पापोव को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रूसी एजेंसियां इन दिनों रिश्वतखोरी में लिप्त रूसी सेनाओं के बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई के अभियान पर हैं।