भारत की मजबूती से एशिया में अमेरिका के हित सुरक्षित, भारतीय-अमेरिकी कम्यूनिटी लीडर ने कैलिफोर्निया में दिया बयान
भारतीय अमेरिकी कम्युनिटी के नेता योगी चुघ ने कहा कि एशिया में अमेरिका के हित मजबूत भारत की वजह से सुरक्षित हैं। इस क्षेत्र में बढ़ते चीनी प्रभाव को रोकने के लिए भारत एक महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभरा है। कैलिफोर्निया के कारोबारी चुघ एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व पटल पर भारत के उत्कर्ष को लेकर बड़ा उत्साह है।
पीटीआई, सांता क्लारा (कैलिफोर्निया)। भारतीय अमेरिकी कम्युनिटी के नेता योगी चुघ ने कहा कि एशिया में अमेरिका के हित मजबूत भारत की वजह से सुरक्षित हैं। इस क्षेत्र में बढ़ते चीनी प्रभाव को रोकने के लिए भारत एक महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभरा है।
कैलिफोर्निया के कारोबारी चुघ एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व पटल पर भारत के उत्कर्ष को लेकर बड़ा उत्साह है। भारत न केवल अपनी अर्थव्यवस्था के माध्यम से, बल्कि विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता की वजह से महत्वपूर्ण भूमिका में है।
चुघ ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच एक मजबूत रिश्ता होगा। कई लोगों ने इसे 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारी कहा है।
वहीं, यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक एंड पार्टनरशिप फोरम के अध्यक्ष मुकेश अघी ने कहा कि अमेरिका भारत को एक महत्वपूर्ण सहयोगी के रूप में देखता है। अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास भारत के साथ किसी अन्य देश की तुलना में अधिक है।