Move to Jagran APP

Uttarakhand Weather: गर्मी का प्रकोप जारी, राहत के नहीं और पारा चढ़ने के आसार; पांच जिलों के बाशिंदों को मिल सकती है राहत

Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम फिर शुष्क हो गया है। मैदानी क्षेत्रों में उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और चटख धूप खिलने से तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। तापमान सामान्य से अधिक बना रहने का अनुमान है। साथ ही फिलहाल उमसभरी गर्मी बरकरार रहेगी।

By Vijay joshi Edited By: Nirmala Bohra Published: Sat, 25 May 2024 07:22 AM (IST)Updated: Sat, 25 May 2024 07:22 AM (IST)
Uttarakhand Weather: दून में उमस ने किया बेहाल, पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक किया गया रिकार्ड

जागरण संवाददाता, देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम फिर शुष्क हो गया है। मैदानी क्षेत्रों में उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। लेकिन, तापमान में वृद्धि होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक बादलों के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और चटख धूप खिलने से तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

उमसभरी गर्मी ने पसीने छुड़ाए

दून में शुक्रवार को सुबह से मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि, दोपहर बाद कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराए, लेकिन बारिश नहीं हुई। जिससे उमसभरी गर्मी ने पसीने छुड़ाए। इसके साथ ही दून के अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। दून का पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया।

वहीं, अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी का प्रकोप बरकरार है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम मौसम सुहाना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिन मैदानों में शुष्क मौसम और पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। तापमान सामान्य से अधिक बना रहने का अनुमान है। साथ ही फिलहाल उमसभरी गर्मी बरकरार रहेगी।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

  • देहरादून, 38.2, 27.6
  • ऊधम सिंह नगर, 39.0, 25.2
  • मुक्तेश्वर, 23.8, 14.2
  • नई टिहरी, 27.6, 18.2

फिर उछला तापमान, गर्मी और उमस से हाल बेहाल

हरिद्वार और आसपास क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप है। गत दिवस के मुकाबले तापमान में डेढ़ डिग्री का उछाल आया है। बहादराबाद स्थित सौर वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37.5 और 24.5 डिग्री सेल्सियस था वहीं शुक्रवार को यह 39 और 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम के तल्ख तेवर को देख हाल फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों का पारा लगातार चढ़ रहा है। तन झुलसाने वाली गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर में लू के थपेड़ों के चलते गली मोहल्लों में सन्नाटा पसर रहा है। दो कदम चलते ही हलक सूख रहे हैं।

बाजारों में भी शाम के वक्त ही चहल पहल दिख रही है। इधर गर्मी से निजात पाने को लोग गंगा घाटों का रुख कर रहे हैं। हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप और आसपास गंगा घाटों पर शुक्रवार को खासी चहल पहल रही। प्रेमनगर आश्रम घाट के अलावा ज्वालापुर क्षेत्र के घाटों की भी रौनक देखते ही बन रही है। इधर तपिश के आगे पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। गर्मी से निजात पाने को लोग गन्ने का रस और बेल शर्बत खूब पसंद कर रहे हैं।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.