Move to Jagran APP

UP Weather: दिन के साथ अब रात में भी सताएगी गर्मी, आगरा में अलर्ट जारी; 26 मई तक ये रहा मौसम विभाग का पूर्वानुमान

शहरवासियों को आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अब दिन के साथ ही रात के भी गरम रहने का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। बुधवार को दिनभर हवा चलती रही। शाम को देहात में आंधी के साथ वर्षा होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला।

By Nirlosh Kumar Edited By: Aysha Sheikh Published: Thu, 23 May 2024 12:48 PM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 12:48 PM (IST)
UP Weather: दिन के साथ अब रात में भी सताएगी गर्मी, आगरा में अलर्ट जारी

जागरण संवाददाता, आगरा। शहरवासियों को आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अब दिन के साथ ही रात के भी गरम रहने का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। बुधवार को दिनभर हवा चलती रही। शाम को देहात में आंधी के साथ वर्षा होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीते दिनों की अपेक्षा तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

बुधवार को सुबह से हवा चलती रही। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर तल्ख जरूर हुए, तो हवा भी गरम हो उठी। दोपहर में धूप में बाहर निकलने से लोग बचते रहे। शरीर को कपड़ों से ढकने के बाद ही वह घर से बाहर निकले। शाम को हल्के बादल घिर आए। शाम सात बजे के करीब फतेहपुर सीकरी और सैयां में धूल भरी आंधी चली। खेरागढ़ में तेज हवा के साथ वर्षा हुई।

इससे शहर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि का आसार जताया है। गुरुवार व शुक्रवार को दिन के साथ रात भी गरम रहेगी और लू चलेगी। 25 व 26 मई को लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

जिला प्रशासन ने 23 से 26 मई तक लू के प्रकोप को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। लू से बचाव को टोपी, गमछा या छाते का प्रयोग करने, अधिक से अधिक पानी पीने को कहा गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला ने बताया कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच घर से बाहर जाने से बचें। हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें।

सफर में पीने का पानी साथ रखें। ओआरएस का घोल, नारियल पानी, लस्सी, चावल का पानी, नीबू पानी, छाछ, आम का पना आदि पिएं। कमजोरी, चक्कर आने या बीमार महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। बच्चों व जानवरों को कार में अकेला नहीं छोड़ें। यह उनके लिए घातक साबित हो सकता है।

बीते कुछ दिनों में तापमान की स्थिति

तिथि, अधिकतम तापमान

15 मई, 44.0

16 मई, 44.2

17 मई, 46.9

18 मई, 46.5

19 मई, 47.7

20 मई, 46.6

21 मई, 43.2

22 मई, 41.8

प्रदेश के गरम शहर

शहर, अधिकतम तापमान

1, झांसी, 45

2, उरई, 44.6

3, बुलंदशहर, 42.0

4, आगरा, 41.8


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.