Move to Jagran APP

लुधियाना में राजनाथ सिंह का दौरा, केजरीवाल पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री; बोले- वर्क फ्रॉम जेल सुना पहली बार...

Rajnath Singh in Punjab पंजाब के लुधियाना में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दौरे पर हैं। राजनाथ सिंह भाजपा के श्री फतेहगढ़ साहिब से उम्मीदवार गेजा राम वाल्मीकि के पक्ष में प्रचार करेंगे। वहीं भाजपा के स्‍टार प्रचारक और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लुधियाना में गरजेंगे। अमित शाह बहादुरके रोड स्थित दाना मंडी में शाम चार बजे पार्टी उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू के पक्ष में प्रचार करेंगे।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Published: Sun, 26 May 2024 11:31 AM (IST)Updated: Sun, 26 May 2024 01:06 PM (IST)
Rajnath Singh in Punjab: लुधियाना में राजनाथ सिंह का दौरा

जागरण संवाददाता, लुधियाना/खन्ना। Rajnath Singh in Punjab: लोकसभा चुनाव से पहले अंतिम रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खन्‍ना और बठिंडा के दौरे पर हैं। राजनाथ सिंह भाजपा के श्री फतेहगढ़ साहिब से उम्मीदवार गेजा राम वाल्मीकि के पक्ष में प्रचार किया।

रक्षा मंत्री ने जनता को किया संबोधित

राजनाथ सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 10 दिन पहले आंध्र प्रदेश में सभा में मंच पर उतरते वक्‍त उनके पैर में चोट लगी थी। डॉक्टर ने खड़े रहना मना किया है, इसलिए बैठकर संबोधित कर रहा हूं। इलाज की फुर्सत नहीं मिल रही है। लेकिन जब तक नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम नहीं बनते मैं तब तक बोलता रहूंगा। आराम नहीं करूंगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब पराक्रम, बल, साहस, शौर्य और देशभक्ति के संगम की धरती है। गुरु नानक देव जी के सन्देश की धरती है। भगत सिंह जैसे वीर यहां हुए, किसानों की धरती है। गुरु नानक देव जी के आदेश के अनुसार देश की सेवा की। करतारपुर कॉरिडोर, विदेशी चन्दों पर रोक खत्म की। पूरे देश में गुरूओं के दिन धूमधाम से मनाए जाते, वीर बाल दिवस मनाते हैं। सिख और धर्म दोनों भाइयों को इस बात को समझना चाहिए कि सिखों के बलिदान से ही संस्कृति बची है।

केजरीवाल पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आप के नेता शराब घोटाले में जेल चले गए हैं। आरोप लगने पर पद से इस्तीफा देना चाहिए, यह नैतिकता होती है, पर केजरीवाल जेल जाकर भी कुर्सी पर बने रहे। उन्‍होंने कहा कि वह कहते हैं जेल के अंदर से काम करेंगे।

वर्क फ्रॉम ऑफिस और वर्क फ्रॉम होम भी सुना था, वर्क फ्रॉम जेल पहली बार सुना है। जिस पार्टी के नेता का ऐसा चरित्र हो वो पार्टी कैसी होगी। अन्ना हजारे ने कहा था कि आंदोलन से राजनीतिक दल ना बने। केजरीवाल ने गुरु की बात भी नहीं मानी। केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए उन्‍होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि सीएम बनकर सरकारी बंगले ने नहीं रहूंगा, पर अब इन्होंने शीशमहल बना लिया है।

स्‍वाति मालीवाल के मामले पर भी बोले रक्षा मंत्री

स्‍वाति मालीवाल पर बयान देते हुए उन्‍होंने कहा कि एक महिला को उनकी मौजूदगी में पीटा गया। ऐसा व्यक्ति भाषण दे रहा है कि माता, बहन, बेटी किसी भी दल या कौम की हो वह सम्मानित है। उस पर चुप्पी साधे बैठे हैं। जनता से सवाल पूछते हुए राजनाथ बोले क्या केजरीवाल को मुख्यमंत्री बने रहने का अधिकार है? अगर केजरीवाल ऐसे है तो सीएम पंजाब की हालत कैसी होगी।

प्रधानमंत्री ने देश को इकोनॉमिक स्तर पर आगे पहुंचाया: राजनाथ सिंह

राजनाथ बोले कि एक बार आडवाणी पर किसी ने आरोप लगाया तो सांसद पद से उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। सोच समझ कर आपको फैसला करना है। जनता की आंखों में धूल झोंक कर नहीं, हमने आंख से आंख मिलाकर राजनीति की है। ये नहीं कहता कि पहले किसी प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं किया, पर जो विकास की तेजी मोदी के शासन में दिखी वह ऐतिहासिक है। दुनिया भारत निर्माण देख रही है, नई सोच के साथ। आज देश को इकोनॉमिक स्तर पर 11वें से 5वें स्थान पर है। दुनिया के इकोनॉमिस्ट दावा कर रहे हैं कि सबसे तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था भारत की है। 2027 तक अमेरिका और चीन के बाद भारत टॉप तीन में होगा।

किसानों की जरूरत के हिसाब से काम करती है मोदी सरकार: राजनाथ

नीति आयोग ने कहा है कि 25 करोड़ गरीब कम हुए हैं। मैं किसान का बेटा हूं किसानों के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। यूरिया खाद दुनिया में सबसे सस्ती भारत के किसानों को मिल रही है। हमारे देश में 260-265 रुपए बोरी मिल रही है। अमेरिका में 3000 रुपए प्रति बोरी है। किसानों की छोटी जरुरतों के लिए किसान निधि के तहत 6000 रुपए मिल रहे हैं, और कोई प्रधानमंत्री होते तो 6000 से 1000 ही मिल पाता। सीमा पर भी दुश्मनों का मुकाबला किसानों का बेटा ही करता है।

अमेरिका के राजदूत ने कहा था कि अगर भविष्य देखना चाहते हो तो भारत में आओ। पाकिस्तान के सांसद ने कहा कि भारत विश्व की महाशक्ति बनने की और बढ़ रहा है। पाकिस्तान साख बचाने के लिए भीख मांग रहा है। पाक के पूर्व मंत्री फराद हुसैन केजरीवाल और राहुल गांधी की तारीफ कर रहा है। क्या ऐसे लोगो को आप स्वीकार करेंगे। भारत का मस्तक दुनिया में ऊंचा करने के लिए आपका समर्थन मांगने आया हूं।

राजनाथ ने राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

राहुल गाधी पर हमला करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी का एके बयान आया था उन्होंने कहा सिस्टम कैसे काम करता है इसे मैं जानता हूं, क्योंकि मेरी दादी, पिता और मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। मैं उनके घर जाता था, सिस्टम निचले के खिलाफ है। राहुल ने कांग्रेस की पोल खोल दी। सच्चाई स्वीकार कर ली है।

इसके साथ ही भाजपा उम्‍मीदवार के लिए रक्षा मंत्री ने वोट भी मांगे। उन्‍होंने कहा कि गेजा राम वाल्मीकि जी को जिता देंगे ना? उन्‍होंने कहा कि ये मां के पेट से बोलना सिख कर आए, ये देश की संसद मे आपकी आवाज बनेंगे। लक्ष्मी जी जब घर आती है तो झाड़ू लगाते नहीं आती, हाथ हिलाते कभी नहीं आती, धर्म पुराण पड़कर देखिए लक्ष्मी कमल के फूल पर बैठकर ही आती हैं।

भाजपा उम्‍मीदवार गेजा राम ने किया संबोधित

रक्षा मंत्री ने पहले फतेहगढ़ साहिब से उम्‍मीदवार गेजा राम वाल्‍मीकि ने जनता को संबोधित किया। उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी का आभार जताया। उन्‍होंने कहा कि एक तरफ धनाढ्य और आईएएस अधिकारी और दूसरी तरफ एक गरीब उम्मीदवार मैं हूं। आम आदमी पर निशाना साधते हुए गेजा राम ने कहा कि आप ने आम आदमी का ठेका लिया पर एक भी आम उम्मीदवार नहीं मिला। आप ने पांच मंत्री खड़े किए और उधार के उम्मीदवार लिए।

फतेहगढ़ साहिब में अमीर और गरीब की लड़ाई: गेजा राम

गेजा राम ने आगे कहा कि फतेहगढ़ साहिब में अमीर और गरीब की लड़ाई। ये लड़ाई हमेशा से चलती आ रही है। आप सब इस गरीब के हमदर्द हो। 30 दिन में नशा खत्म करने की बात करने वाली आप के राज में नशा बढ़ा ही है। नशे की होम डिलीवरी हो रही है। आप सरकार हर फ्रंट पर फेल हुई है। माइनिंग और शराब नीति में 40-40 हजार करोड़ रेवेन्यू बढ़ाने की बात कही गई थी पर 70000 करोड़ कर्ज लिया गया।

देश में पीएम मोदी की लहर: गेजा राम

गेजा राम ने आगे कहा कि देश में पीएम मोदी की लहर है। अयोध्या में राम मंदिर बनाया, भगवान वाल्मीकि जी का एयरपोर्ट बनाया। उन्‍होंने कहा कि वाल्मीकि समाज की जिम्मेदारी है कि पंजाब भर में भजपा को वोट दें। बाबा अंबेडकर जी को सम्मान भाजपा ने दिया। आटा दाल स्कीम केंद्र सरकार की है। राशन मोदी दे रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि कटे हुए राशन कार्ड दोबारा दिलवाए जाएंगे। गरीबों के मुंह में निवाला भाजपा डालेगी।

रवनीत बिट्टू के पक्ष में प्रचार करेंगे अमित शाह

वहीं भाजपा के स्‍टार प्रचारक और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लुधियाना में गरजेंगे। अमित शाह बहादुरके रोड स्थित दाना मंडी में शाम चार बजे पार्टी उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू के पक्ष में प्रचार करेंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी भी खन्ना की रहौण मंडी में रविवार दोपहर बाद चुनावी ताल ठोकेंगी।

यह भी पढ़ें: Punjab News: 'जो खुद हत्यारों से मिले हैं वो क्या...', सिद्धू मूसेवाला मामले में सुनील जाखड़ ने कह दी बड़ी बात


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.