Move to Jagran APP

Nitish Kumar : 'भितरघात करने वालों को चुनाव बाद...', भरी सभा में नीतीश ने किसको दे डाली चेतावनी? सियासी हलचल तेज

Bihar Politics In Hindi लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं। उन्होंने समस्तीपुर और लखीसराय में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भीतरघात करने वाले लोगों को साफ तौर पर चेतावनी दे डाली। हमलोगों के उम्मीदवार के साथ कोई बाएं-दाएं गड़बड़ी कर रहा है। चुनाव के बाद उससे मुक्ति ले लेंगे।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Published: Mon, 06 May 2024 11:55 AM (IST)Updated: Mon, 06 May 2024 11:55 AM (IST)
बिहार के सीएम नीतीश कुमार। फोटो- जागरण

जागरण टीम, कल्याणपुर (समस्तीपुर)/लखीसराय। Bihar Politics In Hindi मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने पार्टी में भितरघात करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी। किसी का नाम लिए बिना कहा कि हमलोगों के उम्मीदवार के साथ कोई बाएं-दाएं गड़बड़ी कर रहा है।

loksabha election banner

चुनाव के बाद उससे मुक्ति ले लेंगे। इधर-उधर नहीं करना है। सभी मिलकर समस्तीपुर से एनडीए प्रत्याशी शांभवी के लिए काम करें। इस दौरान उन्होंने लोगों से साथ देने की हामी भी ली।

दरअसल, कल्याणपुर के कालाजार परिसर में आयोजित चुनावी सभा में स्थानीय जदयू (JDU) विधायक व मंत्री महेश्वर हजारी नहीं थे। सभा में उपस्थित उनके भाई राजेश्वर हजारी ने मंच से ही निशाना साधते हुए कहा कि यह गंभीर बात है कि मंत्री रहते हुए महेश्वर हजारी आज दूसरी पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं।

लालू-राबड़ी के कार्यकाल पर निशाना साधा

बता दें कि समस्तीपुर लोकसभा सीट से जदयू (JDU) विधायक के पुत्र सन्नी हजारी कांग्रेस से मैदान में हैं। मुख्यमंत्री रविवार को एनडीए प्रत्याशी समस्तीपुर के कल्याणपुर में शांभवी व लखीसराय में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पक्ष में किया चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए लालू-राबड़ी (Lalu Yadav) के कार्यकाल पर निशाना साधा। कहा कि उनके राज में शिक्षा, स्वास्थ्य की व्यवस्था ठीक नहीं थी। सड़कें खराब थीं। शाम को लोग डर से घर से नहीं निकलते थे। हमलोगों को जब मौका मिला तो सबके हित में काम किया।

पांचवीं कक्षा बाद लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं- नीतीश कुमार

Bihar News नीतीश ने आगे कहा कि हमसे पहले 15 साल जिनको मौका मिला, उन्होंने सात साल खुद और सात साल पत्नी को सीएम बना दिया। पांचवीं कक्षा बाद लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं। हमलोगों ने पढ़ाई की व्यवस्था की। साइकिल योजना शुरू की।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को इंटर पास करने पर 25 हजार व स्नातक पास करने पर 50 हजार रुपये दिए जा रहे। पहले पीएचसी में एक महीने में 30 से 40 लोग आते थे। आज हर महीने 11 हजार मरीज पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब वे लोग थे, तब हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता रहता था। जब हम आए तब झगड़ा बंद कराया। मुस्लिम हित में किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में पति पत्नी की सरकार में नौ बच्चे पैदा लिए। वे लोग तब से बिहार की जनता के लिए नहीं बल्कि अपने परिवार के लिए काम कर रहे हैं।

2005 के पहले बिहार में अराजकता का माहौल था- नीतीश कुमार

नीतीश ने कहा कि हमलोगों के यहां और भाजपा में परिवारवाद नहीं है। हमारे लिए पूरा बिहार परिवार है। बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रयासरत हैं। 2005 के पहले बिहार में अराजकता का माहौल था। रंगदारी, लूट, हत्या एवं भ्रष्टाचार का बोलबाला था।

नीतीश ने कहा कि शाम होते ही लोग डर से घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे। भाजपा के साथ मिलकर उन्होंने बिहार से जंगलराज को खत्म किया। सीएम ने कहा कि लड़कियों के शिक्षित होने से प्रजनन दर में कमी आई। जीविका दीदी अच्छा काम कर रही हैं। राज्य में 30 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं।

उन्होंने अगले विस चुनाव तक 10 लाख नौकरी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ योजनाओं की शिकायत मिली है। चुनाव के बाद जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई कराएंगे।

अंत में सूबे की 40 सीटों के साथ ही देश में 400 सीट जीतने के संकल्प को दोहराते हुए फिर नरेन्द्र मोदी को पीएम बनाने की बात कही। सभा में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें-

Tej Pratap Yadav : पुंछ हमले के लिए कौन जिम्मेदार? शहीद को लेकर तेज प्रताप ने दिया चौंकाने वाला जवाब, कहा- पहले...

Bihar Politics : 'अगर उन लोगों को वोट करिएगा तो...', भरी सभा में ये क्या बोल गए नीतीश? अशोक महतो को लेकर भी चेताया


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.