'कार के नीचे बच्चा फंस गया है...', नोएडा में ठक-ठक गिरोह ने महिला को बीच सड़क पर रोका; फिर कर दिया ये कांड
ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने पर्थला फ्लाईओवर के पास कार के नीचे बच्चा आने की सूचना देकर महिला को बीच सड़क पर रोक लिया। इसके बाद अपने जाल में फंसाकर मोबाइल फोन लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, नोएडा। कोतवाली सेक्टर-113 क्षेत्र में दो मई की सुबह कार से जा रहीं एक महिला के साथ लूट की वारदात हो गई। ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने पर्थला फ्लाईओवर के निकट कार के नीचे बच्चा आने की सूचना देकर मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता वांछा गर्ग ने बताया कि वह दो मई की सुबह करीब 10 बजे ऑफिस जा रही थीं। पर्थला चौक के पास उनकी कार जाम में फंस गई थी। तभी दो व्यक्ति अचानक उनकी कार के दोनों तरफ आए और कहने लगे कि उनकी कार ने एक बच्चे को टक्कर मारकर घायल कर दिया। यह नहीं बताया कि बच्चा उनकी कार के पिछले पहिए के नीचे फंस गया है।
शीशा नीचे करते ही अंदर डाल दिया हाथ
इसी बीच कार की दूसरी ओर खड़े व्यक्ति ने खिड़की को पीटना शुरू कर दिया। उसने शीशा नीचे करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने उसे नजरअंदाज कर दिया। लोगों की बात सुनकर वह भयभीत हो गईं और उसकी बात सुनने के लिए कार का शीशा थोड़ा नीचे किया। जैसे ही शीशा नीचे किया उसने हाथ अंदर डाल दिया।
तभी पीड़िता ने शीशा ऊपर किया तो उसका हाथ फंस गया और वह रोने लगा। यह सब उसने ध्यान भटकाने के लिए किया। कुछ ही देर में दोनों आरोपित भाग गए। कार के अंदर से फोन चोरी कर ले गए।
एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।