Move to Jagran APP

Delhi Weather: भीषण गर्मी की चपेट में पूरी दिल्ली, बनाया नया रिकॉर्ड; मुंगेशपुर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज

भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक गर्मी एवं भीषण लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। माह के अंतिम दिन यानी 31 मई को हल्की वर्षा की संभावना भी जताई गई है।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Published: Mon, 27 May 2024 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 27 May 2024 11:25 AM (IST)
पूरी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में, रविवार ने बनाया नया रिकॉर्ड।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। आलम यह है कि चिलचिलाती धूप एवं अधिकांश इलाकों में चली लू के बीच रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। कुछ जगहों पर तो भीषण लू देखी गई। मुंगेशपुर में सर्वाधिक 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक गर्मी एवं भीषण लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। माह के अंतिम दिन यानी 31 मई को हल्की वर्षा की संभावना भी जताई गई है।

11 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल

रविवार को सुबह से दिल्ली में आग उगलते सूरज ने हाल बेहाल करना शुरू कर दिया था। नौ दस बजे तक ही धूप काफी तेज हो गई और 11 बजे के बाद तो घर से निकलना मुश्किल होने लगा था। हवा की गति भी 20 किमी प्रति घंटे तक से ज्यादा रही।

अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 20 मई को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 66 से 21 प्रतिशत रहा।

मुंगेशपुर रहा सबसे ज्यादा गर्म 

मुंगेशपुर और नजफगढ़ इलाके दिल्ली में सबसे ज्यादा गर्म रहे। इन दोनों ही जगहों का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकार्ड किया गया। इसके अलावा नरेला का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ज्ञात हो कि वर्ष 2022 में 15 मई के दिन मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 49.2 डिग्री और नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

सूखी हवा की तपिश परेशान कर रही

इस भीषण गर्मी की वजह काे लेकर स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत बताते हैं कि दिशा में बदलाव के बाद अब दिल्ली में हवा पाकिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल की ओर से आ रही है। यह हवा काफी हद तक सूखी और अपने साथ गर्मी लेकर आ रही है। एक दिन पहले तक हवा की दिशा पूर्वी होने के चलते नमी की मात्रा बढ़ी थी। इसी से लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा था। अब उमस से तो राहत मिली है। लेकिन, सूखी हवा की तपिश परेशान कर रही है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में 31 मई को दिल्ली में मौसम बदलने और हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने पहली जून से तापमान में थोड़ी कमी आने की संभावना जताई है।

दिल्ली में कहां और कितना अधिक रहा तापमान

मुंगेशपुर 48.3 08 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
नजफगढ़ 48.1 07 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
नरेला 47.8 07 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
पीतमपुरा 46.7 06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
पूसा 46.8 06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
जफरपुर 46.9 06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा

दिल्ली की हवा फिलहाल साफ

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 190 रहा। इस स्तर की हवा को 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के दौरान एक्यूआइ का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- 

Delhi Traffic: सोमवार को इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, इन रास्तों पर जानें से बचें; दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.