Delhi: 15-20 दिन बंद रहेगा नारायणा फ्लाई ओवर का धौला कुआं से मायापुरी तक का कैरिजवे, पुलिस की इन मार्गों पर जाने की सलाह
बुधवार से नारायणा फ्लाई ओवर का धौला कुआं से मायापुरी तक का कैरिजवे मरम्मत किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते धौला कुआं से मायापुरी तक का कैरिजवे यातायात के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान धौला कुआं की ओर यातायात की आवाजाही के लिए मायापुरी से धौला कुआं तक कैरिजवे चालू रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों को होने वाली असुविधा को देखते हुए तीन वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बुधवार से नारायणा फ्लाई ओवर का धौला कुआं से मायापुरी तक का कैरिजवे मरम्मत किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते धौला कुआं से मायापुरी तक का कैरिजवे यातायात के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान, धौला कुआं की ओर यातायात की आवाजाही के लिए मायापुरी से धौला कुआं तक कैरिजवे चालू रहेगा।
यातायात पुलिस ने लोगों को होने वाली असुविधा को देखते हुए तीन वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं। मरम्मत का यह कार्य 15 से 20 दिन तक चल सकता है, जिसके चलते यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने इसको लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी हैं।
धौला कुआं से आने वाले और मायापुरी की ओर जाने वाले इन मार्गों का करें प्रयोग
- धौला कुआं से वंदे मातरम मार्ग लें, प्रोफेसर रामनाथ विज मार्ग पर बाएं मुड़ें, रतनपुरी चौक से बाएं मुड़ें, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग पर, लोहा मंडी टी-प्वाइंट से गोस्वामी गिरधारी लाल मार्ग पर बाएं मुड़ें और नारायणा टी-प्वाइंट से दाएं मुड़ें रिंग रोड पर मायापुरी के लिए।
- धौला कुआं से करिअप्पा मार्ग लें, फिर शहीद भगत सिंह मार्ग (जेल रोड) से लाजवंती चौक तक, सतगुरु राम सिंह मार्ग पर दाएं मुड़ें और माया पुरी चौक (रिंग रोड) तक जाएं।
- दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन से मौड मार्ग लें, फिर करिअप्पा मार्ग पर दाएं मुड़ें, फिर शहीद भगत सिंह मार्ग (जेल रोड) से लाजवंती चौक तक, सतगुरु राम सिंह मार्ग पर दाएं मुड़ें मायापुरी चौक (रिंग रोड) तक।
यातायात पुलिस ने आम जनता से की ये अपील
यातायात पुलिस ने लोगों को सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने की सलाह दी है क्योंकि इससे यातायात के सामान्य प्रवाह में बाधा उत्पन्न होती है। इसके साथ ही अस्पताल, आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे जाने वाले वाहन चालकों से पहले से ही प्रयाप्त समय लेकर रूट चैक कर निकलने की सलाह दी है।