MP News: दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करने का आरोप, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व झाबुआ विधायक पर केस दर्ज
शिकायत में कहा गया कि उक्त चित्र में पीड़िता के स्वजन और उसका घर दिख रहा है। दोनों पर आईपीसी की धारा 228ए पॉक्सो एक्ट की धारा 23 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 के तहत केस दर्ज किया गया है। बता दें कि एक गांव में 26 अप्रैल को तड़के शादी समारोह में गई 12 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
जागरण न्यूज नेटवर्क, आलीराजपुर। नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करने पर मध्य प्रदेश में आलीराजपुर जिले की पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों नेता रविवार को पीड़िता के निवास पर गए थे। स्वजन से चर्चा के दौरान लिया गया चित्र उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किए थे।
शिकायत में कहा गया कि उक्त चित्र में पीड़िता के स्वजन और उसका घर दिख रहा है। दोनों पर आईपीसी की धारा 228ए, पॉक्सो एक्ट की धारा 23 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 के तहत केस दर्ज किया गया है। बता दें कि एक गांव में 26 अप्रैल को तड़के शादी समारोह में गई 12 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा गया। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, झाबुआ विधायक पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पीड़िता के निवास पर पहुंचे और स्वजन से चर्चा की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा में आरोप लगाया था कि दुष्कर्म के आरोपितों में एक प्रदेश के वन व पर्यावरण मंत्री नागर सिंह चौहान का रिश्तेदार है। जिले में राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग कर आदिवासियों पर अत्याचार किया जा रहा है। दोनों नेताओं ने अपने एक्स अकाउंट पर पीड़िता के स्वजन के साथ चर्चा के दौरान लिया गया चित्र पोस्ट किया था।