नाबालिग राष्ट्रीय पहलवान के साथ छेड़खानी, मुकदमा दर्ज; भारत केसरी के साथ पड़ोसी जिले से आई थी, मारपीट का आरोप
सोमवार रात दंगल के दौरान हुए पहलवानों के विवाद में नाबालिग राष्ट्रीय पहलवान के साथ मारपीट और छेड़खानी हुई। आरोपियों ने उसे कार से खींचने की कोशिश की। पुलिस ने हाथरस के पहलवान और उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इसे दो पहलवानों के वर्चस्व की लड़ाई बता रही है। आरोपित हाथरस जिले के सिकंदराराऊ से जिला पंचायत सदस्य बताया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। सोमवार रात दंगल के दौरान हुए पहलवानों के विवाद में नाबालिग राष्ट्रीय पहलवान के साथ मारपीट और छेड़खानी हुई। आरोपियों ने उसे कार से खींचने की कोशिश की। पुलिस ने हाथरस के पहलवान और उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इसे दो पहलवानों के वर्चस्व की लड़ाई बता रही है। आरोपित हाथरस जिले के सिकंदराराऊ से जिला पंचायत सदस्य बताया गया है।
हाथरस के सादाबाद निवासी भारत केसरी हरिकेश पहलवान 29 अप्रैल की रात दंगल में आए थे। उनके साथ उनके अखाड़े की पड़ोसी जिले की रहने वाली राष्ट्रीय पहलवान के अलावा केशव देव और पंकज भी थे।
घटनाक्रम के अनुसार, हरिकेश की गाड़ी रुकते ही वहां पहले से मौजूद सिकंदराराऊ के पहलवान रामेश्वर और उसके साथियों ने घेर कर हमला बोल दिया। महिला पहलवान का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और गाड़ी से खींचने की कोशिश की। हरिकेश पहलवान ने बचाया। इसके बाद वे सभी लोग वहां से भाग निकले।
पीछा कर रहे रामेश्वर पहलवान और उसके साथियों ने फायरिंग भी की। इसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत की। पीड़ित पहलवान राज्य स्तरीय पुरस्कार जीत चुकी हैं और दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी हैं।
इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिंह ने बताया महिला पहलवान की तहरीर पर रामेश्वर पहलवान, उसके साथियों अरविंद, असनुर खां और सुखवीर के अलावा चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पहलवानों में पहले भी कई बार हो चुका है विवाद
पुलिस के अनुसार, हरिकेश और सिकंदराराऊ के रामेश्वर हाथरस में एक ही अखाड़े के पहलवान रहे हैं। अब दोनों अपना अलग अखाड़ा चलाते हैं। पिछली कई बड़ी कुश्तियों में दोनों आमने-सामने आ चुके हैं। उनके बीच विवाद चल रहा है।
अलीगढ़ में भी दोनों पहलवानों के बीच विवाद हो गया था। इंटरनेट मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित भी हुआ था। पिछले सप्ताह भी अखाड़े में दोनों के बीच विवाद हो गया था। वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया था।