Ara News : वर्चस्व को लेकर बालू माफियाओं के दो गुटों के बीच जमकर हुई गोलीबारी, 2 की मौत; एक घायल
कमालुचक दियारा में अवैध बालू खनन को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। गोलीबारी में दो -तीन लोगों को गोली लगने की सूचना है। इस घटना के बाद पुलिस सख्त हो गई है। एसपी नीरज कुमार सिंह के निर्देश पर टीम दियारा में जांच और हताहत लोगों के सत्यापन में लगी है। 10 से 15 लोगों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के कमालूचक दियारा इलाके में बालू घाट पर बुधवार की देर रात बालू माफियाओं के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में सारण (छपरा) निवासी दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मृतकों में सारण (छपरा) जिला के डोरीगंज थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी हुंगी महतो का 20 वर्षीय पुत्र विकाश महतो एवं तुलसी राय का 40 वर्षीय पुत्र सुदर्शन राय शामिल हैं। जबकि जख्मी भी सारण (छपरा) जिला के डोरीगंज थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी स्व.रजक महतो का 40 वर्षीय पुत्र पुर्णवासी महतो हैं।
इसमें मृतक सुदर्शन राय को शरीर में चार और विकास महतो को तीन गोली लगी है। जख्मी युवक पूर्णवासी महतो को एक गोली बाएं पैर में और दूसरी गोली बाएं हाथ में लगी है। सभी पेशे से मजदूर हैं और बालू घाट पर मजदूरी करते थे।
इधर, वारदात के बाद एसपी नीरज कुमार सिंह, कोईलवर एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह और कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र भारी संख्या में पुलिस बल के साथ दियारा इलाके में स्थित कमालूचक बालू घाट पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। करीब 40 से 50 राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।
पिता ने कहा घर से मजदूरी करने निकला था तभी वारदात
इधर, मृतक सुदर्शन राय के पिता तुलसी राय ने बताया कि उनके पुत्र सुदर्शन राय बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से कमालूचक बालू घाट पर मजदूरी करने के लिए निकले थे। जैसे ही वे कमालूचक बालू घाट पर पहुंचे तभी गोलीबारी के दौरान उन्हें गोली लग गई। जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इसके बाद वहां मौजूद लोगों द्वारा इसकी सूचना उसके स्वजनों को दी गई। तुलसी राय ने अपने पुत्र सुदर्शन राय को करीब चार से पांच गोली लगने की बात कही है। जबकि, दूसरी तरफ गोली से जख्मी युवक पूर्णवासी महतो ने बताया कि बुधवार की रात वह स्थानीय थाना क्षेत्र के दियारा बधार में सब्जी के खेत की रखवाली कर रहे थे।
खेत से कुछ दूरी पर दो पक्षों के लोग द्वारा एक दूसरे पर गोलीबारी की जा रही थी। इस दाैरान जब वे भाग रहे थे उन्हें भी गोली लग गई। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार करने से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
तीन और लोगों के घायल होने की चर्चा
दियारा इलाके के कमालूचक बालू घाट पर गोलीबारी के दौरान तीन और लोगों के जख्मी होने की भी बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी अभी अधिकारी पुष्टि नहीं हो पाई है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। मृतक विकास महतो अपने पांच भाई व एक बहन में छोटे थे।
परिवार में मां मीरा देवी,चार भाई तेज नारायण,चिंटू ,यमराज,श्रीराम एवं एक बहन पूनम है। जबकि मृतक सुदर्शन राय अपने सात भाई व दो बहन में चौथे स्थान पर थे। परिवार में मां शांति देवी,पत्नी संजू देवी,दो पुत्र बिट्टू ,विशाल व दों पुत्री शिवानी एवं गुड्डी है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें-