Move to Jagran APP

Manohar Lal Interview: नौकरी, युवा और किसान समेत कई मुद्दों पर खुलकर बोले पूर्व हरियाणा CM मनोहर लाल, पढ़ें खास बातचीत

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal Interview) ने दैनिक जागरण के साथ किसान युवा और प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर बातचीत की। मनोहर लाल ने हरियाणा में नौकरी के सवाल पर कहा कि उनकी साढ़े नौ साल की सरकार ने करीब डेढ़ लाख सरकारी भर्तियां की हैं। इसी तरह उन्होंने और भी सवालों के जवाब दिए। इसी क्रम में आइए जानते हैं उनसे हुई बातचीत के कुछ प्रमुख अंश

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Published: Sat, 25 May 2024 12:04 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2024 12:04 PM (IST)
Haryana Former CM Manohar Lal Interview: कई मुद्दों पर खुलकर बोले पूर्व हरियाणा CM मनोहर लाल

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। Manohar Lal Interview: हरियाणा के साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रह चुके भाजपा के स्टार प्रचारक मनोहर लाल का मानना है कि उनकी पार्टी को राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों और करनाल विधानसभा सीट पर जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

मनोहर लाल की नजर में भाजपा इस बार भी साल 2019 के लोकसभा चुनाव का इतिहास दोहराने जा रही है। इसका आधार बताते हुए मनोहर लाल कहते हैं कि लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) की विकास की गारंटी और हरियाणा सरकार के बिना पर्ची व बिना खर्ची के मैरिट पर दी गई नौकरियों के फैसले पसंद आए हैं। इसलिए लोग देश में तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं।

मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख अनुराग अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मौजूदा चुनावी स्थिति पर विस्तृत बातचीत की। पेश है मनोहर लाल से हुई बातचीत के संक्षिप्त अंश।

1. करनाल से स्वयं चुनाव लड़ते हुए भी सभी सीटों पर प्रचार किया। आपको क्या माहौल लग रहा है? 

चुनाव आरंभ होने से अब तक मैंने और सीएम नायब सिंह सैनी ने करीब सवा सौ जनसभाएं की हैं। लोगों के साथ संवाद हुआ। उनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास की गारंटी का पूरा भरोसा है।

राज्य सरकार द्वारा आरंभ किया गया मिशन मेरिट अब तक की सभी सरकारों के लिए नजीर (उदाहरण) बन गया। इससे हमें लाभ मिलेगा। भाजपा 2019 की तरह सभी 10 सीटें बहुत बढ़िया मार्जिन से जीतने जा रही है। करनाल विधानसभा सीट पर सीएम नायब सिंह सैनी भारी मतों के अंतर से जीतेंगे। 

2. भाजपा नेताओं के चुनाव प्रचार व उम्मीदवारों के रोड शो दौरान गांवों में उनके विरोध की कुछ घटनाएं भी सामने आईं। उन्हें कैसे देखते हैं? 

दरअसल, यह किसानों को बदनाम करने की साजिश रची गई है। वास्तविक किसान को ऐसे षड्यंत्रकारी विरोध की जरूरत नहीं। किसानों के नाम पर कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की, जो कामयाब नहीं हुई। l

3.विरोध की अभी तक जितनी वीडियो सामने आई, उनमें आंदोलनकारियों से कहा गया कि किसानों की अनदेखी हुई है? 

मैं कह तो रहा हूं कि किसानों को बदनाम करने की बड़ी साजिश रची गई थी। हरियाणा का किसान बहुत अधिक खुश और संतुष्ट है। हरियाणा एकमात्र ऐसा राज्य है,जहां किसानों को 14 फसलों के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मिलते हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब में किसानों को चार फसल भी एमएसपी पर नहीं मिलती।

4.कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में करीब दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं और भर्तियां बंद हो रखी हैं? 

हमारी साढ़े नौ साल की सरकार ने करीब डेढ़ लाख सरकारी भर्तियां की हैं। करीब सवा लाख कर्मचारी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से भर्ती हुए हैं। करीब 25 हजार भर्तियां कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग की वजह से अदालत में फंसी है।

आचार संहिता खत्म होते ही इन भर्तियों को कानूनी पेचीदगियों से बाहर निकालने के लिए मजबूत पैरवी करेंगे। भर्तियां नहीं होने की बात वह लोग कर रहे हैं, जिन्होंने अपने राज में भर्तियों के रेट तय कर रखे थे।

5.चुनाव प्रचार दौरान ऐसा भी महसूस किया गया कि आपको मुख्यमंत्री के पद से अलग करने का भाजपा का निर्णय उचित नहीं था और सही समय पर नहीं लिया गया?

भाजपा में व्यक्ति बड़ा नहीं होता। हमारे यहां सामूहिक फैसले होते हैं और बड़े ही सोच समझकर होते हैं। मैं भले ही मुख्यमंत्री के पद से अलग हुआ हूं, लेकिन हमारी नायब सिंह सैनी जी के साथ निरंतर वार्ता होती है। वह भाजपा सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। l

6.आपके कार्यकाल में आनलाइन सरकारी सेवाओं की शुरुआत हुई जिसका विपक्ष ने पहले विरोध किया, लेकिन अब उनमें बदलाव की मांग कर रहे हैं। इसे कैसे देखते हैं?

विपक्ष ने हमें हमेशा पोर्टल की सरकार कहा है। विपक्षी नेताओं ने यहां तक कहा कि यदि गलती से वे सत्ता में आ गए तो पोर्टल बंद कर देंगे। इसका मतलब साफ है कि विपक्षी मित्रों को पारदर्शिता और गरीब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना पसंद नहीं है। यदि विपक्ष पोर्टल बंद करने की बात करेगा तो लोग उन्हें नकार देंगे।

7.प्रदेश में चर्चा है कि चुनाव जीतने के बाद आपको पीएम नरेन्द्र मोदी केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं? 

भाजपा अनुशासित पार्टी है। हमारे यहां किस व्यक्ति को कब और क्या जिम्मेदारी देनी होती है, यह पार्टी उचित समय पर तय करती है। पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी, मैंने समर्पित भाव से उसे पूरा किया।

8.आपने हरियाणा को करीब से देखा। कई बार प्रदेश अशांत भी हुआ। क्या अभी भी कोई ऐसा सपना है, जो अधूरा रह गया? 

धर्म और अधर्म में जीत हमेशा धर्म की होती है। जब भी नकारात्मक ताकतों ने प्रदेश को अशांत करने की कोशिश की, वह बेनकाब होते चले गए। रही अधूरे सपने की बात तो हमने ऐसा सिस्टम तैयार किया है, जिसमें हर वर्ग को आगे बढ़ने का मौका मिले। 

9.हरियाणा को जातीय राजनीति के हिसाब से संवेदनशील माना जाता है। इस बार जातीय समीकरण मोदी के विकास की गारंटी व मनोहर की पारदर्शिता पर क्या प्रभाव दिखाएगी? 

भाजपा जाति की राजनीति बिल्कुल नहीं करती। हमने क्षेत्रवाद, भेदभाव, असमान विकास और जातीय राजनीति पर पहले दिन से प्रहार किया है। भाजपा सभी को साथ लेकर चलती है और सद्भाव व भाईचारे की राजनीति करती है।

10. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आरोप है कि राज्य में बेरोजगारी व कर्ज बढ़ रहा है व विकास के काम बाधित हुए हैं। इसे कैसे देखते हैं? 

हुड्डा को प्रदेश की नहीं सिर्फ बेटे की चिंता है। कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति करती है। भाजपा आम लोगों की बात करती है। राज्य में सिर्फ पांच से छह प्रतिशत बेरोजगारी है, जोकि सामान्य से बहुत कम है।

करीब 10 लाख लोगों को भाजपा सरकार ने स्वरोजगार प्रदान किया है। विपक्षी के भाई कुछ भी प्रपंच कर लें, यह दीवार पर लिखी इबारत है कि भाजपा 10 लोकसभा और करनाल विधानसभा सीट सहित 11 कमल के फूल खिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झोली में डालने जा रही है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.