Move to Jagran APP

Bihar News: पटना में होटल से डेढ़ साल का बच्चा चोरी होने से हड़कंप, फरार कर्मचारी की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar Crime News बिहार की राजधानी पटना के एक होटल से शुक्रवार सुबह डेढ़ साल की एक मासूम के चोरी का मामला सामने आया है। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चा नहीं मिलने पर उसकी मां कोतवाली पहुंची। महिला ने होटल के एक कर्मचारी पर बच्चे को गायब करने का आरोप लगाया है जो खोजबीन शुरू होते ही फरार हो गया।

By Prashant Kumar Edited By: Mohit Tripathi Published: Sat, 25 May 2024 04:01 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2024 04:01 PM (IST)
पटना जंक्शन के पास होटल से बच्चा चोरी। (सांकेतिक फोटो)

जागरण संवाददाता, पटना। पटना जंक्शन के पास स्थित एक होटल से शुक्रवार की सुबह डेढ़ वर्षीय मासूम के चोरी का मामला सामने आया है। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद बच्चा नहीं मिला, तब उसकी मां कोतवाली पहुंची। उसने होटल के एक कर्मचारी पर संदेह जताया है, जो खोजबीन शुरू होते ही फरार हो गया।

फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में होटल संचालक बिपिन महतो (सीतामढ़ी) और कर्मचारी अशोक कुमार (हजारीबाग, झारखंड) को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

थानेदार राजन कुमार ने बताया कि महिला ने अब तक लिखित शिकायत नहीं दी है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस छानबीन में जुट गई।

पश्चिम बंगाल की रहने वाली है महिला

मिली जानकारी के मुताबिक, महिला अपने मासूम बेटे के साथ दिल्ली से पटना आई थी। वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल के वर्धमान की रहने वाली है। उसने दसवीं तक पढ़ाई की है। हालांकि, दिल्ली में रहकर घरों में झाड़ू-पोछा लगाने का काम करती है।

उसने पुलिस को बताया कि दिल्ली में एक युवक के साथ वह लिव इन रिलेशनशिप में थी। जब वह गर्भवती हो गई तो उसका साथी शादी से मुकर गया और उसे छोड़कर फरार हो गया। उसने बच्चे को जन्म दिया और तब से अकेले ही उसका भरण-पोषण कर रही है।

इसलिए कर्मचारी पर बच्चे को गायब करने का शक

महिला ने बताया कि वर्धमान जाने के लिए वह दिल्ली से पटना आई थी। यहां सुबह साढ़े पांच बजे ट्रेन से उतरी और पास के ही एक होटल में नाश्ता करने गई। तभी, होटल के एक कर्मचारी ने उससे बच्चा ले लिया और कहा कि तुम यहां नाश्ता करो, बच्चे को अंदर सुला देता हूं।

उसकी बातों पर यकीन कर उसने बच्चे को सौंप दिया। जब नाश्ता कर उठी तो कर्मचारी वहां नहीं था। उसने जिस कमरे में बच्चे को रखा था, उस पर ताला लगा था। ताले को खुलवा कर देखा तो वहां बच्चा नहीं था।

29 अप्रैल को लापता 3 माह के बच्चे का नहीं मिला कोई सुराग 

कोतवाली थाना क्षेत्र में बुद्ध मार्ग स्थित बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल के समीप 29 अप्रैल से लापता तीन महीने के बच्चे का अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

इस मामले में चार लोगों को आरोपित किया गया था। सभी आरोपित समस्तीपुर के निवासी हैं। एक मई को बच्चे के पिता संतोष सिंह के बयान पर प्राथमिकी की गई थी।

बच्चे के माता-पिता पुलिस के वरीय अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगाते थक गए, लेकिन बच्चा बरामद नहीं हो सका।

करीब एक वर्ष पूर्व सिन्हा लाइब्रेरी रोड में फुटपाथ पर रहने वाले एक परिवार का एक वर्षीय बालक चोरी हो गया था। उसका भी पता नहीं चल पाया।

यह भी पढ़ें: इंडी गठबंधन में PM पद के कौन-कौन दावेदार? बिहार में प्रधानमंत्री मोदी ने बताया सबकुछ, बढ़ी सियासी हलचल

Patna News : सुलेशन सूंघ-सूंघ कर क्राइम से नाता जोड़ रहे बच्चे, पटना में ऐसे पनप रहा नशे का कारोबार


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.