Badaun Crime : विवाहिता की गला दबाकर हत्या, ससुरालीजन फरार
UP News in Hindi Update जिला अलीगढ़ के इकलाश नगर निवासी सरोज ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन चीनू की शादी करीब सात महीने पहले बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र की नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड संख्या तीन निवासी विकास के साथ की थी। बताया कि शादी में सामर्थ्यानुसार दान दहेज भी दिया था।
संसू जागरण, सिलहरी : नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड तीन में दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। मुहल्ले के लोगों की सूचना पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो घर में विवाहिता का शव पड़ा मिला। उसके गले पर गहरे चोट के निशान और मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं आरोपित ससुरालीजन मौके से फरार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं विवाहिता के भाई के शिकायती पत्र आरोपित पति समेत पांच ससुरालीजन के विरुद्ध प्राथमिकी लिखकर जांच शुरू कर दी है।
जिला अलीगढ़ के इकलाश नगर निवासी सरोज ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन चीनू की शादी करीब सात महीने पहले बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र की नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड संख्या तीन निवासी विकास के साथ की थी। बताया कि शादी में सामर्थ्यानुसार दान दहेज भी दिया था।
शादी के करीब दो माह तक सब ठीक रहा। लेकिन जब दो माह बाद से विकास व उसके ससुरालीजन सत्यभान, राहुल और ओमकार व उसका मां बहन चीनू को परेशान करने लगी। वह लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। वह नकद दो लाख रुपये और एक बाइक मांग रहे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर बहन ने इस बार में बताया तो उन लोगों ने ससुरालीजन को समझाने की कोशिश की। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन वह लोग नहीं माने।
आरोप है कि शुक्रवार दोपहर में उन्हें वार्ड तीन के मुहल्ले के लोगों से जानकारी मिली कि बहन की मृत्यु हो गई है। इस पर वह लोग बहन की ससुराल पहुंचे जहां उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। जबकि उसका पति व अन्य ससुरालीजन फरार थे। उन्होंने सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर सीओ शक्ति सिंह, मूसाझाग क्राइम इंस्पेक्टर राजीव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर विकास, उसकी मां, सत्यभान, राहुल और ओमकार के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी लिखकर जांच शुरू कर दी है। सीओ उझानी शक्ति सिंह ने बताया कि अारोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।