'सरकार बुलडोजर से...' अखिलेश यादव ने कहा- अब मन की नहीं, 1.40 अरब लोगों की मर्जी की होगी बात
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संभल बदायूं फिरोजाबाद में जनसभा और मैनपुरी में रोड शो के दौरान सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा देश में मन की बात नहीं 1.40 अरब जनता की मर्जी की बात होगी। सरकार बुलडोजर से डरा रही है लेकिन पेपर लीकेज नहीं रोक पा रही है। तीसरे चरण के चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर सात समंदर दूर फेंक देगी।
जागरण टीम, मेरठ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संभल, बदायूं, फिरोजाबाद में जनसभा और मैनपुरी में रोड शो के दौरान सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा, देश में मन की बात नहीं, 1.40 अरब जनता की मर्जी की बात होगी। सरकार बुलडोजर से डरा रही है, लेकिन पेपर लीकेज नहीं रोक पा रही है। तीसरे चरण के चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर सात समंदर दूर फेंक देगी।
अखिलेश ने मैनपुरी में सात किमी लंबा रोड शो किया। बदायूं लोकसभा क्षेत्र के बबराला (जिला संभल) में अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोगों ने किसानों को यूरिया का कट्टा 50 किग्रा के स्थान पर 40 किग्रा का कर दिया। अब यह लोग पाउच में यूरिया देने की योजना बना रहे हैं।
पारले-जी कंपनी ने बिस्किट का पैकेट जिस प्रकार से छोटा किया, उर्वरक की बोरी भी छोटी हो गई है। किसानों की आय दोगणी नहीं हुई है बल्कि लागत दोगुणी होने के साथ महंगाई बढ़ी है। बदायूं के नाधा में सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा वालों ने वैक्सीन के नाम पर भी धोखा दिया, जिससे जान का खतरा हो गया है।
अखिलेश ने की निश्शुल्क ईसीजी जांच की मांग
इन्होंने (सरकार) सबको वैक्सीन लगवा दी। अब ऐसे प्रत्येक व्यक्ति की निश्शुल्क ईसीजी जांच कराए, क्योंकि पता नहीं कब तबीयत खराब हो जाए। सरकार ने वैक्सीन बनाने वालों से दबाव बनाकर चंदा वसूला। महंगाई भी उसी का कारण है। कहा कि सरकार ने तीन काले कानून लाने का प्रयास किया, ताकि किसानों की जमीन छीन लें।
हमारे किसानों के विरोध पर तीनों काले कानून वापस ले लिए मगर, लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। ये वही लोग हैं, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं दे रहे। गठबंधन की सरकार बनी तो एमएसपी को कानूनी रूप प्रदान करेगे। सरकार ने उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया मगर, किसानों का नहीं। कर्ज माफ करेंगे। अखिलेश ने मैनपुरी में कहा कि सरकार बुलडोजर से डरा रही है, लेकिन पेपर लीकेज नहीं रोक पा रही है।