बुजुर्ग महिला की कार की टक्कर से मौत के मामले में आरोपित डाॅक्टर को मिली जमानत, मुंबई के सायन अस्पताल परिसर में हुआ था यह हादसा
24 मई को अस्पताल परिसर में ही कार ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी थी। बुरी तरह से घायल महिला ने बाद में दम तोड़ दिया था।अधिकारियों के अनुसार कार सायन अस्पताल के डा. राजेश ढेरे की थी। आरोपित के वकील ने कहा कि जिस मामले में डाॅ. ढेरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है वह जमानती है। इसलिए उन्हें जमानत मिल गई।
एएनआई, मुंबई। मुंबई के सायन अस्पताल परिसर में 60 वर्षीय महिला की कार से टक्कर लगने से मौत के मामले में आरोपित वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. राजेश ढेरे को जमानत मिल गई है। डाॅ. ढेरे सायन अस्पताल के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख हैं।
24 मई को अस्पताल परिसर में ही कार ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी थी। बुरी तरह से घायल महिला ने बाद में दम तोड़ दिया था।अधिकारियों के अनुसार, कार सायन अस्पताल के डा. राजेश ढेरे की थी। आरोपित के वकील ने कहा कि जिस मामले में डाॅ. ढेरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वह जमानती है। इसलिए, उन्हें जमानत मिल गई। मृतक महिला की पहचान जुबैदा शेख के रूप में हुई है।
दो सप्ताह तक सायन अस्पताल में भर्ती थीं महिला
वह मधुमेह से पीड़ित थीं और पिछले दो सप्ताह तक सायन अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें एक सप्ताह पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली थी। वह अस्पताल जांच कराने आई थीं। पुलिस ने मृत महिला के बेटे शाहनवाज खान की शिकायत के आधार पर डाॅक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
अस्पताल के डीन का दावा, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत
मिड डे के अनुसार, सायन अस्पताल के डीन डाॅ. मोहन जोशी ने दावा किया है कि उन्हें अगले दिन यानी शनिवार तक अस्पताल परिसर में हुई इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुझे जो पता है वह यह है कि डाॅ. डेरे मरीज को कैजुअल्टी में ले गए थे, जहां उसका इलाज किया गया। मेरा मानना है कि मरीज को दिल का दौरा पड़ा और अंतत: उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मैं अपने स्तर से किसी भी तरह की कार्रवाई पर निर्णय ले सकूंगा। डाॅ. डेरे ने कोविड-19 के दौरान बहुत ही सराहनीय काम किया था।