Move to Jagran APP

Lok Sabha Election: जीत के लिए घर-घर पहुंच महिला मतदाताओं की सुध ले रही राजनीतिक पार्टियां, वादों के सहारे किला फतह की आस

लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेसी न्यारी न्याय योजना तो भाजपाई महतारी वंदन योजना से महिला वोटरों को साधने की कोशिश में लगे हैं। भाजपा ने पार्टी के महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाया है। महिला मतदाताओं को अपनी ओर खींचने दोनों दलों ने विशेष योजना बनाई है जिस पर काम शुरू कर दिया गया है। भाजपाइयों ने रविवार से अभियान की शुरुआत कर दी है।

By Mahendra Kumar Sahu Edited By: Jeet Kumar Published: Mon, 29 Apr 2024 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 29 Apr 2024 06:00 AM (IST)
जीत के लिए घर-घर पहुंच महिला मतदाताओं की सुध ले रही राजनीतिक पार्टियां

महेंद्र कुमार साहू, दुर्ग। लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेसी न्यारी न्याय योजना तो भाजपाई महतारी वंदन योजना से महिला वोटरों को साधने की कोशिश में लगे हैं। भाजपा ने पार्टी के महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाया है। वहीं कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों में पार्टी के पार्षदों व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल नारी न्याय योजना की जानकारी महिला मतदाताओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

loksabha election banner

नए सांसद का चुनाव करने सात मई को मतदान होना है

दुर्ग संसदीय क्षेत्र में नए सांसद का चुनाव करने सात मई को मतदान होना है। इस लोकसभा क्षेत्र से इस बार 25 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। मतदान में गिनती के दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार को लेकर दोनों ही दलों के प्रत्याशी ने ताकत झोंक दी है।

कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी लोकसभा चुनाव के लिए अपने-अपने पार्टी द्वारा तैयार किए गए घोषणा पत्र को लेकर भी जनता के बीच जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ राष्ट्रीय और कुछ स्थानीय मुद्दों को लेकर भी मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं। लेकिन इस सबके बीच महिला मतदाताओं को अपनी ओर खींचने दोनों ही दलों ने विशेष योजना बनाई है, जिस पर काम शुरू कर दिया गया है।

भाजपाइयों ने रविवार से अभियान की शुरुआत कर दी है

नवंबर-दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में जिस महतारी वंदन योजना के सहारे भाजपा प्रदेश की सत्ता में वापस लौटी है, उस योजना के सहारे लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल करने रणनीति बनाई गई है। दुर्ग व भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से मुलाकात करने उनके घर-घर जा रही हैं। भाजपाइयों ने रविवार से अभियान की शुरुआत कर दी है।

भाजपा के पक्ष में मतदान करने उक्त महिलाओं से निवेदन भी किया

दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में सिकोला भाठा पटरीपार भाजपा मंडल के महिला मोर्चा के सदस्यों ने शांति नगर और शक्ति नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की। इसके अलावा केंद्र की अन्य योजनाओं से लाभान्वित होने वाली महिलाओं हितग्राहियों से भी मुलाकात की। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा के सदस्यों ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाने की दिशा में काम करने वाले नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने उक्त महिलाओं से निवेदन भी किया।

न्यारी न्याय योजना का फार्म लेकर पहुंच रहे हैं कांग्रेसी

इस लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र मे न्यारी न्याय योजना को शामिल किया है। योजना के तहत केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर बीपीएल महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना देने की गारंटी दी है। नारी न्याय योजना के तहत महिलाओं से फार्म भरवाने की जिम्मेदारी नगरीय निकाय क्षेत्रों में पार्टी के पार्षदों, छाया पार्षदों व कार्यकर्ताओं व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए आवेदन फार्म भी छपवाया गया। कांग्रेसी यह आवेदन फार्म लेकर महिला मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं और उन्हें योजना की जानकारी देकर आवेदन भरवा रहे हैं। हालांकि इस अभियान को कांग्रेसी अभी अपेक्षित गति नहीं दे पा रहे हैं।

10 लाख 48 हजार 360 महिला मतदाता

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में 20 लाख 90 हजार 414 मतदाता हैं। इसमें 10 लाख 42 हजार पुरुष और 10 लाख 48 हजार 360 महिला मतदाता हैं। अन्य मतदाताओं की संख्या 54 है। इस लिहाज से संसदीय क्षेत्र में पुरुषों से महिला मतदाताओं की संख्या 6,630 अधिक है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.