शातिर चोरों से बचाने वाला नया ऑटोमैटिक अलार्म विकसित
खिड़की-दरवाजों के शीशों का तापमान बदलने पर मचा देगा शोर, करेगा अलर्ट...
बर्लिन (प्रेट्र)। चोरों का डर सिर्फ हमें ही परेशान नहीं करता है, बल्कि इनका खौफ ऐसा है कि दुनियाभर के वैज्ञानिक हमें इसने बचाने के लिए नई तकनीक विकसित करने में प्रयासरत रहते हैं। इसी कड़ी में जर्मनी में फ्राउनहोफर गेजेलशाफ्ट के वैज्ञानिकों ने एक नई तकनीक विकसित की है। दरअसल, वैज्ञानिकों ने एक स्मार्ट अलार्म तैयार किया है, जो आपके घर और दफ्तर को चोरों से बचाने में मदद कर सकता है।
यह नया स्मार्ट अलार्म तापमान में बदलाव होने से घर में चोरों के घुसने का पता लगा लेता है और बजने लगता है। इसे तैयार करने वाले वैज्ञानिकों के मुताबिक, नई प्रणाली बाहरी कारणों से होने वाले थर्मल और मैकेनिकल दबाव का बहुत जल्दी पता लगा लेती है। यहां तक कि खिड़कियों में लगे सुरक्षा कांच पर टॉर्च की रोशनी या ड्रिल से ही नहीं, खटखटाने या उसके आग के संपर्क में आने से ही यह अलार्म बज उठेगा। शीशे पर पड़ने वाले बाहरी दबाव से उसकी मैकेनिकल प्रवृत्तियां बदल जाती हैं और अलार्म इस बदलाव को पहचान लेता है।
फ्राउनहोफर इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजीकल ट्रेंड एनालिसिस आइएनटी में इंजीनियर यूडो वेनांड के मुताबिक, यदि कोई ग्लास पैनल पर दबाव डालेगा या उसे गर्म करेगा तो तरंग दैध्र्य में तत्काल परिवर्तन के कारण ये स्मार्ट अलार्म घर के मालिक को सचेत कर देगा। यह डिवाइस हल्के से भी परिवर्तन को पकड़ने में सक्षम है, इसलिए इसे भेद पाना चोरों के लिए बेहद मुश्किल है।
यह भी पढ़ें : नई तकनीक से भूकंप की तीव्रता का जल्द होगा आकलन