यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ग्वालतोड़ में अज्ञात रोग से दादी-पोते की मौत

संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिले के ग्वालतोड़ प्रखंड अंतर्गत बारमेसिया गांव में अज्ञात रोग की चपेट में आकर एक ही दिन दादी और पोते की मौत हो गई, जबकि उसी गांव के छह अन्य लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। घटना गुरुवार की है।
जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गिरीश चंद्र बेरा ने बताया कि बारमेसिया गांव की 52 वर्षीय सुखी मांडी व उसके 8 वर्षीय पोते राकेश को अज्ञात रोग से अक्रांत होने के बाद विगत सप्ताह गड़बेत्ता स्थित ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए अगले दिन मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया था। गुरुवार देर रात को चिकित्सा के दौरान ही सुखी की मौत हो गई, जबकि उसके कुछ घंटे के बाद उसके पोते राकेश की भी मौत हो गई। डॉ. बेरा ने यह भी बताया कि अज्ञात रोग की चपेट में आने से उसी गांव के छह अन्य लोग मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं गड़बेत्ता अस्पताल में भर्ती हैं। अज्ञात रोग की पहचान के लिए रोगियों से रक्त के नमूने लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार इस पर नजर रख रहा है।
