यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मालदा अस्पताल में अज्ञात बुखार से दो की मौत

संवाद सूत्र, मालदा : अज्ञात बुखार से शुक्रवार को मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में उत्तर दिनाजपुर जिले के मयनाग्राम पंचायत के जगदलपुर गांव का निवासी विजय किस्कू (13) व बामनगोला थाना क्षेत्र के खामतापाड़ा का निवासी निको रविदास (58) है। मृतक विजय किस्कू छठी कक्षा का छात्र था। उसके पिता पराण किस्कूल ने बताया कि दो दिनों पहले बुखार को लेकर उसे मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसके गांव में प्रत्येक घर में सुअरों का पालन होता है। इलाके में कई और लोग बुखार से पीड़ित होकर उत्तर दिनाजपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। इधर, बामनगोला थाना के निवासी निको रविदास चार दिनों पहले बुखार से पीड़ित होने से मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भती्र कराया गया था। जहां उसकी शुक्रवार सुबह मौत हो गई। इधर, मालदा जिले के विभिन्न अस्पतालों में करीब सौ बुखार पीड़ित भर्ती हैं। मालदा मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डा. एमए रशीद ने बताया कि दोनों के रक्त जांच के लिए भेजी गई है, रिपोर्ट नहीं मिली। इंसेफ्लाइटिस या किसी अन्य कारण से इनकी मौत हुई यह स्पष्ट नहीं है। इधर, पूरे उत्तर बंग में बुखार व इंसेफ्लाइटिस को लेकर गंभीर स्थिति बनने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अबतक जिले में सुअरों को हटाने का अभियान शुरू नहंी किया गया। राज्य के खाद्य प्रसंस्करण मंत्री कृष्णेन्दु नारायण चौधरी के अपने वार्ड में सूअर घूमते हुए देखे जा रहे हैं। जिले के बामनगोला व हबीबपुर जैसे आदिवासी क्षेत्रों में घर-घर सूअर पालन किया जा रहा है। प्रशासन के विरुद्ध भी उदासीनता का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में प्रशासन की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
