यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इलाज के दौरान दो और नवजात की मौत

संवाद सूत्र, मालदा : मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में नवजात की मौत का सिलसिला अभी तक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में मंगलवार को मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में दो और नवजात की मौत इलाज के दौरान हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग व यूनिसेफ का सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल मालदा मेडिकल कॉलेज एक दो रोज में पहुंचने ही वाला है। मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के अनुसार प्रतिनिधि मंडल के सदस्य मेडिकल कॉलेज के शिशु विभाग के बुनियादी ढांचे का जायजा लेंगे एवं अस्वस्थ बच्चों के रिश्तेदारों के साथ बातचीत करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर मृत बच्चों के उनके गांव पहुंचकर मृत शिशुओं के परिवार के साथ बात करेंगे। मालदा मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. एमए राशिद ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग व यूनिसेफ के प्रतिनिधि दल के साथ अस्पताल के ढांचे को लेकर बातचीत हुई है। वर्तमान में अस्पताल का ढांचा व वर्तमान स्थिति को लेकर चर्चा होगी। मंगलवार को नवजात बच्चों की मौत को लेकर कोई हंगामा नहीं हुआ।
