विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंसेफ्लाइटिस के लक्षणों सहित युवक की मृत्यु

By Edited By:
Published: Mon, 04 Aug 2014 12:09 AM (IST)

News Article Hero Image

संवाद सूत्र, मालबाजार : तेज बुखार, उल्टी व सिर दर्द जैसे इंसेफ्लाइटिस महामारी के लक्षणों के साथ एक युवक की मृत्यु के बाद मेटेली प्रखंड के सोनागाछी चाय बागान में शोक की लहर है। माल नदी के करीब एनएच-31 के समीप ही सूरज महाली 18 का घर है जहां उसके गरीब माता पिता रहते हैं। अपने एकमात्र कमाऊ बेटे के चले जाने से यह परिवार गंभीर संकट व शोक में डूबा है। हालांकि जिला स्वास्थ्य विभाग ने सूरज महाली की मौत की महामारी से पुष्टि नहीं की है। वहीं, सीएमओ डॉ. प्रकाश मिर्धा ने कहा कि जलपाईगुड़ी जिले में इंसेफ्लाइटिस महामारी नियंत्रण में है। युवक के पिता हिरण महाली चाय श्रमिक हैं। घर में मां फूलमान और भाई बहन हैं। घर की ज्येष्ठ संतान की इस अकाल मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पिता हिरण महाली ने कहा कि बेटे को उन्होंने उल्टी, बुखार, सिरदर्द के बाद उसे गुरुवार को माल महकमा अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार को तड़के वह दुनिया से हमेशा के लिए चला गया। इस घटना के बाद ही रविवार की दोपहर को सीएमओ प्रकाश मिर्धा ने अस्पताल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि जिले में इंसेफ्लाइटिस महामारी नियंत्रण में है। इस महामारी की रोकथाम के लिए सभी का सहयोग जरुरी है। वहीं, राज्य के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ.विश्वरंजन सतपथी ने कहा कि जिले में नए सिरे से किसी की मौत की खबर नहीं है। अस्पतालों में फीवर क्लिनिक खोले गए हैं। बुखार की खबर मिलने से इलाके का सर्वे किया जाएगा।