यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस मामले में केंद्र निभा रहा अपनी जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दावा किया है कि उत्तर बंगाल में इंसेफ्लाइटिस के मामले में केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी मजबूती से निभा रही है। राज्य सरकार के मांगे बिना ही उसे जांच किट व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। संसद का सत्र खत्म होने के बाद वह खुद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को जागरण से फोन पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंसेफ्लाइटिस से जिस तरह लगातार मौतें हो रही हैं, वह चिंता का विषय है। इसी लिए इस बीमारी से निपटने के लिए केंद्र सरकार अपने स्तर से हर तरह की सहायता उपलब्ध करा रही है। इस मामले में राज्य सरकार क्या कर रही है, इससे उसे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिल्ली व नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे से एक टीम भी प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर भेजी गई है। सिर्फ इतना ही नहीं, पश्चिम बंगाल सरकार को वह इस मामले में हर तरह से सहयोग करने को तैयार हैं। इसके लिए पश्चिम बंगाल सरकार को पत्र भी भेजा गया है। अगर राज्य सरकार की ओर से कोई सहयोग नहीं भी मांगा जाता है, तो भी केंद्र का स्वस्थ्य विभाग इंसेफ्लाइटिस के प्रकोप पर नजर रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि संसद सत्र खत्म होने के बाद वह खुद इंसेफ्लाइटिस मामले की जमीनी हालात को जानने के लिए उत्तर बंगाल का दौरा कर सकते हैं। इंसे़फ्लाइटिस मामले में राज्य सरकार द्वारा उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनबीएमसीएच) के प्राचार्य, अस्पताल अधीक्षक समेत दार्जिलिंग व जलपाईगुड़ी के मुख्य चिकित्साधिकारियों के निलंबन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों को निलंबित कर राज्य सरकार क्या संदेश देना चाहती है इस पर अभी वह कुछ नहीं बोलेंगे।
इनसेट---
एनबीएमसीएच में दो और मरीजों की मौत
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को दो और इंसेफ्लाइटिस पीड़ित मरीजों की मौत हो गई। इनमें रोमा बर्मन (10) उत्तर दिनाजपुर की रहने वाली बताई गई है, जबकि मुजीबुर्रहमान (40) जलपाईगुड़ी का रहने वाला है। इस तरह से एनबीएमसीएच में पिछले एक जुलाई से लेकर अब-तक 98 मरीजों की मौत इंसेफ्लाइटिस से हो चुकी है।
