यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तर बंगाल में इंसेफ्लाइटिस से अब तक 67 मौतें

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल में जापानी इंसेफ्लाइटिस से अब तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को यहां उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती पांच और रोगियों की मृत्यु के साथ यहां इंसेफ्लाइटिस से मरने वालों की संख्या 65 हो गई है, जबकि दो अन्य मौतें जलपाईगुड़ी में हुई हैं। इस भयावह स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य निदेशक विश्वरंजन सतपथी ने दार्जिलिंग व जलपाईगुड़ी जिले के स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ यहां मिनी सचिवालय उत्तर कन्या में बैठक करने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। उधर एक अन्य जानकारी के अनुसार एनबीएमसीएच में पिछले 24 घंटे में इंसेफ्लाइटिस के 17 नए मरीज भर्ती हुए हैं।
स्वास्थ्य निदेशक विश्वरंजन सतपथी ने उत्तर कन्या में उच्च स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि उत्तर बंगाल में जनवरी से लेकर अब तक इंसेफ्लाइटिस के 344 मामले सामने आए हैं। इनमें 102 मरीजों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि इंसेफ्लाइटिस की रोक थाम के लिए उत्तर बंगाल के सभी जिलों के प्रभावित क्षेत्रों, जिले से लेकर ब्लाक स्तर तक अस्पतालों में अलग से फीवर क्लीनिक खोला जाएगा। जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में मंगलवार से फीवर क्लीनिक खुल जाएगा। वहीं उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में सोमवार से फीवर क्लीनिक खुल गया है। उत्तर बंगाल में सिर्फ एनबीएमसीएच में जापानी इंसेफ्लाइटिस की जांच की जाती है। अब मालदा मेडिकल कॉलेज में भी जापानी इंसेफ्लाइटिस की जांच की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि माथाभांगा, धुपगुड़ी, मैनागुड़ी, बीरपाड़ा व माटीगाड़ा व फांसीदेवा समेत अन्य इलाकों में मच्छरों के मारने के लिए फॉगिंग शुरू की जाएगी।
स्वास्थ्य निदेशक ने स्वीकार किया कि मेडिकल अस्पताल में मरीजों के अनुपात में बेड की संख्या काफी कम है। इसके बाद भी उन्होंने मेडिकल अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया है कि यहां आने वाले मरीजों को वापस नहीं किया जाए।
हमारे जलपाईगुड़ी संवाददाता के अनुसार वहां भी इंसेफ्लाइटिस रोग से मरने वालों सिलसिला जारी है। सोमवार को इसी बीमारी से दक्षिण हासखाली ग्राम में विनोद राय (27) तथा मालबाजार ब्लाक के पाताबाड़ी में सीमा खेरिया (13) की मौत हो गई है, जबकि दक्षिण हासखाली स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक शुभजित मल्लिक का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नही है कि दोनों मौतें इंसेफ्लाइटिस से ही हुई हैं।
