विदाई के बाद ससुराल जाते पति को रास्ते में छोड़ लौटी दुल्हन
सात फेरे के दौरान लिए गए सात वचन चंद घंटों में ही टूट गए। विदाई के दौरान रास्ते में दूल्हे ने दहेज को लेकर दुल्हन को प्रताड़ित किया तो वह रास्ते से ही घर लौट गई।
उत्तरकाशी, [जेएनएन]: सात फेरों के साथ लिए गए सात वचन चंद घंटे में ही टूट गए और वैवाहिक जीवन शुरूआत से पहले ही दहेज की भेंट चढ़ गया। विवाह संपन्न होने के बाद लौटते समय आधे रास्ते में ही दूल्हे ने दुल्हन को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया तो दुल्हन ने साहस और समझदारी से निर्णय लेते हुए आधे रास्ते से ही लौटने में भलाई समझी। नतीजा दुल्हन मायके लौट गई और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही घर लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया।
उत्तरकाशी के निकटवर्ती एक गांव की युवती का विवाह मंगलवार को विश्वनाथ मंदिर में दलवीर बिष्ट पुत्र कुशहाल सिंह निवासी ग्राम डुंडा के साथ हुआ। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद विदाई हुई। आरोप है कि डुंडा बाजार पहुंचने पर दूल्हे दलवीर बिष्ट ने दुल्हन से कहा कि तुम्हारे पिता ने न तो गाड़ी दी है और न ही सोने की चेन। दहेज का अन्य सामान भी नहीं दिया और ऐसा कहते हुए वह अपने मनमुताबिक सामान न मिलने पर नाराजगी जताने लगा।
इस पर दुल्हन को विदा करने के लिए साथ में गए चचेरे भाई व अन्य रिश्तेदारों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और दहेज को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई व नौबत गाली गलौज पर आ गई। दुल्हन ने सूचना अपने पिता को दी।
इस पर उसके पिता गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर डुंडा गए और अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दलवीर को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी सुनने समझने को तैयार नहीं हुआ। इस पर दुल्हन आधे रास्ते से ही अपने पिता के साथ वापस मायके आ गई।
इस मामले में बुधवार को दुल्हन के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। दुल्हन के पिता ने बताया कि उनकी नौ बेटियां हैं, जिनमें से पांच की शादी हो गई है। वे खुद वृद्ध और बेरोजगार हैं। उनका कोई बेटा भी नहीं है।
कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि दहेज की मांग करने तथा प्रताडि़त करने की धाराओं में दलवीर बिष्ट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सात फेरे लेते ही दुल्हन ने दी परीक्षा, हेलीकॉप्टर से वापस लौट पूरी की रस्म
यह भी पढ़ें: दुल्हन ने रखी शर्त, कॉकटेल पार्टी हुई तो नहीं करेगी शादी
यह भी पढ़ें: इस गांव में चार भाइयों के घर एक साथ बजेगी शहनाई