उत्तराखंड में भूस्खलन से बाधित नहीं होंगी सड़कें: गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पहाड़ी प्रदेश उत्तराखंड में ऐसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें भूस्खलन के बाद भी यातायात अवरुद्ध न हो।
रुद्रपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पहाड़ी प्रदेश उत्तराखंड में ऐसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें भूस्खलन के बाद भी यातायात अवरुद्ध न हो। राज्य के चार धाम में अक्सर भूस्खलन के बाद सड़कों के बंद होने का सिलसिला बना रहता है और देश से चार धाम आने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
केंद्रीय मंत्री ने 93 किमी लंबे रामपुर-टनकपुर नेशनल हाईवे को फोरलेन करने के कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि जब केंद्र में यूपीए की सरकर थी उस समय 96 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग देश में था। सरकार ने सबसे पहले देश में सड़कों का जाल बिछाने का फैसला लिया। जल्द ही दो लाख किमी राजमार्ग का निर्माण करेंगे।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में 900 किमी की चारधाम सड़क को विश्वस्तर का बनाया जाएगा। जो लैंड स्लाइडिंग के बाद भी बंद नहीं होगी। मानसरोवर की यात्रा के लिए गूंजी से मुनस्यारी तक काम बीआरओ कर रहा है। अगले साल मानसरोवर के लिए बेहतर रास्ते होंगे। इससे यात्रियों की पैदल यात्रा कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि फोरलेन के लिए किसानो की जमीन का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने देश को जल्द ही बिजली चलित बस, कार देने व बायो डीजल, बायो प्लास्टिक और जलमार्ग के विकास की बात कही। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, नैनीताल से भाजपा सांसद भगत सिंह कोश्यारी, सांसद नेपाल सिंह व तरुण विजय भी उपस्थित थे।
पढ़ें-सड़क की खुदाई पर निर्माण एजेंसी के ठेकेदारों पर मुकदमा