यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
टिहरी झील में बढ़ा तीन मीटर पानी

जागरण संवाददाता, नई टिहरी: मंगलवार रात हुई बारिश के बाद टिहरी झील का जलस्तर तीन मीटर बढ़ गया। बीते मंगलवार तक टिहरी झील में 761 मीटर पानी था जो बुधवार शाम तक 764.45 मीटर हो गया। गुरुवार सुबह तक झील में दो मीटर पानी और बढ़ने की संभावना है।
कमजोर मानसून के कारण टिहरी बांध झील का जलस्तर बढ़ नहीं पा रहा था। इस वजह से बांध की टरबाइन भी कम समय चलाई जा रही थी और बिजली उत्पादन भी कम हो रहा था। मंगलवार रात उत्तरकाशी सहित टिहरी में हुई बारिश के बाद टिहरी झील का जलस्तर एक रात में ही तीन मीटर बढ़ गया। बीते मंगलवार को झील का जलस्तर 761 मीटर था, जबकि बुधवार शाम तक टिहरी झील का जलस्तर 764.45 मीटर तक पहुंच गया। भागीरथी और भिलंगना दोनों नदियों से बीते मंगलवार तक साढ़े 600 क्यूमेक्स पानी आ रहा था, जबकि बुधवार को 1400 क्यूमेक्स पानी टिहरी झील में आया। ढाई सौ क्यूमेक्स पानी टिहरी झील से छोड़ा गया। बुधवार को कोटेश्वर में दो मिलियन यूनिट जबकि टिहरी बांध से आठ मीलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। टीएचडीसी के एजीएम यूके ठाकुर ने बताया कि बारिश होने से झील का जलस्तर तीन मीटर बढ़ गया। कुछ दिन अगर बारिश हुई तो झील का जलस्तर काफी बढ़ जाएगा।
