सूरज की चमक से सड़कें बे-नूर, हल्द्वानी में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान किया गया दर्ज
Haldwani Weather हल्द्वानी में तापमान बढ़ गया है। आसमान से मानो आग बरस रही हो। लोग जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घरों से बाहर निकल रहे हैं। झुलसा देने वाली धूप की वजह से हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्रों की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। वहीं फलों का ठेला लगाने वाले कारोबारियों के भी पसीने छूटे रहते हैं।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। हल्द्वानी में तापमान बढ़ गया है। आसमान से मानो आग बरस रही हो। लोग जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घरों से बाहर निकल रहे हैं। झुलसा देने वाली धूप की वजह से हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्रों की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। वहीं, फलों का ठेला लगाने वाले कारोबारियों के भी पसीने छूटे रहते हैं।
हल्द्वानी में सोमवार को अधिकतम तामपान 39.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार के मुकाबले दिन और रात के पारे में एक डिग्री की गिरावट देखने को मिली। सुबह के समय तेज हवा का प्रवाह बना रहा।
दोपहर के समय भीषण गर्मी का प्रकोप
हालांकि, ठंडी हवा चलने से सुबह के समय थोड़ी राहत जरूर मिली। मगर दिन चढ़ने के साथ पारे का ग्राफ लगातार चढ़ता रहा। प्रति घंटे 1.5 डिग्री से 1.8 डिग्री तक तापमान बढ़ता रहा। वहीं, दिन के समय 15 किलेमीटर प्रति घंटा की गति से पश्चिम दिशा से हवा का प्रवाह रहा। ऐसे में दोपहर के समय भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहा। इधर, मंगलवार को पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं, बुधवार से मैदानी इलाकों में भी वर्षा होने की संभावना है।