Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विधानसभा कूच, पुलिस ने की पानी की बौछार, कई बड़े नेता गिरफ्तार

    By BhanuEdited By:
    Updated: Mon, 14 Mar 2016 09:02 PM (IST)

    राज्य सरकार पर राज्य को बेचने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, बदहाल कानून व्यवस्था का जिम्मेदार बताते हुए, आपदा राहत में घोटाला करने और खनन माफिया को सरंक्षण देने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज राज्य की कांग्रेस सरकार पर हल्ला बोला।

    देहरादून। राज्य सरकार पर राज्य को बेचने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, बदहाल कानून व्यवस्था का जिम्मेदार बताते हुए, आपदा राहत में घोटाला करने और खनन माफिया को सरंक्षण देने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज राज्य की कांग्रेस सरकार पर हल्ला बोला। प्रदेशभर से लगभग 20 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने में सफल रही भाजपा ने करीब दो घंटे तक विधान सभा से पहले लगाई गई बैरिकेड पर मशक्कत की। पुलिस ने पानी की बौछार कर भीड़ को रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का मुक्की और भगदड़ में कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं। बैरिकेड पार करने वाले 17 विधायक और 246 भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में पुलिस लाइन से निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। हंगामे के दौरान 15 पुलिसकर्मी और 12 भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए। ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें



    उधर, भाजपा के जुलूस पर घुड़सवार पुलिस दौड़ाने, पानी की बौछारें और प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पार्टी विधायकों ने विधानसभा में हंगामा किया। विपक्षी विधायकों ने वेल में पहुंचकर नारेबाजी की। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही पहले 20 मिनट और फिर 15 मार्च सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
    पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज को भाजपा कार्यकर्ता रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में एकत्र हुए। यहां से दोपहर करीब एक बजे उन्होंने विधान सभा कूच किया। कार्यकर्ताओं का हुजूम हरिद्वार रोड स्थित एलआइसी चौक पहुंचा और पुलिस द्वारा लगाई गई पहली बैरिकेड को तोड़ते हुए विधानसभा की ओर बढ़ा। इसके बाद रिस्पना पुल तक लगी तीन बैरिकेडिंग कार्यकर्ताओं के सामने बौनी साबित हुई। तीनों बैरिकेड तोड़कर कार्यकर्ता कुछ ही मिनटों में मुख्य बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। मुख्य बैरिकेड पर भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को रोक लिया।


    यहां पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच कई दौर में धक्का मुक्की और हाथापाई भी हुई। पुलिस ने बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास कर रहे भाजपा नेताओं को रोकने के लिए पानी की बौछार भी की। हालांकि, कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, विधायक गणेश जोशी, महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, महामंत्री आदित्य चौहान, विनोद कंडारी आदि बैरिकेड पर चढ़कर दूसरी तरफ पहुंच गए।

    विधानसभा चौक पर लगी बैरिकेड की ओर बढ़ रहे प्रदर्शन कारियों को घुड़सवार पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान एसएसपी सदानंद दाते समेत तमाम पुलिस कर्मियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की हुई। इस बैरिकेड तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने चौराहे पर ही घेरे रखा। इस बीच एक घोड़ा शक्तिमान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इन तमाम भाजपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। बैरिकेड से कूदने के दौरान कई भाजपा नेताओं को भी चोटें आईं।


    इससे पूर्व बन्नू स्कूल में आयोजित सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़़ी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अजय टम्टा, माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद तरुण विजय आदि ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियां राज्य और युवा विरोधी हैं। खनन और आपदा राहत में सरकार की सरपरस्ती में घोटाले किए गए।

    राज्य में कानून व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने कहा कि राज्य लगातार कर्ज में डूब रहा है और सरकार घोषणाएं करने में व्यस्त है। कूच में प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, मेयर विनोद चमोली, विधायक गणेश जोशी, मदन कौशिक, हरबंस कपूर, आदेश चौहान, संजय गुप्ता, यतीश्वरानंद, अरविंद पांडेय, प्रेमचंद अग्रवाल, सहदेव पुंडीर, पुष्कर धामी समेत पूर्व अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, मुन्ना सिंह चौहान आदि शामिल थे।
    पढ़ें-सर्राफा का देहरादून बंद रहा बेअसर, ऋषिकेश में निकाली गई रैली

    comedy show banner
    comedy show banner