घर में लगी आग से सारा सामान राख, तीन लोग झुलसे
मकान में लगी आग से परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। साथ ही सारा सामान जलकर राख हो गया। एक अन्य घटना में गोदाम में लगी आग से मशीनें व टायर जलकर कबाड़ हो गए।
देहरादून, [जेएनएन]: थाना पटेलनगर क्षेत्र के संजय कॉलोनी स्थित एक घर में अचानक आग लग गई। जिसमें घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के दौरान परिवार के तीन लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए। उनका इलाज कोरोनेशन अस्पताल में चल रहा है।
उधर, आइएसबीटी चौराहे के पास स्थित एक टायर के गोदाम में भी गत रात को आग लगने से लाखों रुपये के टायर और मशीन जल गई। दोनों जगह फायर ब्रिगेड ने आग पर बामुश्किल काबू पाया। घर में आग लगने का कारण गैस लीकेज, जबकि गोदाम में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक संजय कॉलोनी में सुखदेव सिंह पुत्र अजीत सिंह का मकान है। उनके घर के पीछे भैंस का तबेला है और उन्होंने किचन के बगल में ही भूसा स्टोर बना रखा है। दोपहर को किचन में सिलेंडर से गैस रिसाव होने कारण भूसे में आग लग गई। धीरे-धीरे आग पूरे घर में फैल गई। जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
सुखदेव ने तुंरत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। इससे पहले आग बुझाने के दौरान घर के अंदर मौजूद तीन सदस्य अजीत सिंह पुत्र करतार सिंह, हरप्रीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह व गुरु दर्शन कौर पत्नी सुखदेव सिंह झुलस गए। उन्हें पुलिस ने उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि आग से घर का लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
उधर, देर रात आइएसबीटी चौराहे के पास स्थित नेहरू कॉलोनी निवासी राजेन्द्र गुप्ता के टायर के गोदाम में आग लग गई। जिससे वहां गोदाम में रखे टायर व मशीनें जल गई। अग्निशमन अधिकारी शिवप्रसाद ममगाईं ने बताया कि रात को गोदाम स्वामी करीब नौ बजे गोदाम बंद कर घर चले गए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे आसपास मौजूद लोगों ने गोदाम से धुंआ उठता देखा। जिसके बाद फायर बिग्रेड को इसकी सूचना दी गई। गोदाम में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रामनगर में चावल के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान
यह भी पढ़ें: दीपावली की खुशियो को लगा ग्रहण, आग से झोपड़ी का सामान राख
यह भी पढ़ें: फ्रीज से लदे लोडर वाहन में लगी आग, पुलिस ने दिखाई तत्परता