ट्रांसफर लिस्ट अटकी, डॉक्टरों में बढ़ी बेचैनी
जागरण संवाददाता, देहरादून: चिकित्सकों की पदोन्नति की मुराद जरूर पूरी हुई, लेकिन ट्रांसफर लिस्ट अभी तक जारी नहीं हुई है। इससे डॉक्टरों में बेचैनी है और उनका अधिकांश वक्त ट्रांसफर की टोह लेने में बीत रहा है। चिकित्सक डीजी ऑफिस से लेकर शासन तक के संपर्क में हैं। उधर, ट्रांसफर लिस्ट में देरी पर चिकित्सा सेवा संघ ने आक्रोश जताया है।
राज्य में 18 जुलाई को 77 सीनियर मेडिकल ऑफिसर्स (एसएमओ) को ज्वाइंट डायरेक्टर (जेडी) के पद पर पदोन्नत किया गया था। इसमें दून अस्पताल के भी कई चिकित्सक शामिल थे, मगर पदोन्नति लिस्ट जारी नहीं हुई। दरअसल तब इसमें पेंच फंस गया था और शासन को पदोन्नति निरस्त करनी पड़ी। हाल ही में दोबारा डीपीसी हुई, जिसमें 88 डॉक्टरों को जेडी के पद पर पदोन्नत किया गया। लेकिन, सूची अभी भी जारी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार शासन की ओर से पदोन्नति के लिए अर्ह पाये गए सभी डॉक्टरों का बायोडाटा मांगा गया है। इस कारण लिस्ट जारी होने में देरी हो रही है।
इस विलंब के कारण डॉक्टरों में बेचैनी बढ़ रही है। कुछ डॉक्टर तो छुट्टी होने के बाद भी डीजी ऑफिस से लेकर शासन तक चक्कर लगाकर जानकारी जुटाने में लगे हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने भी लिस्ट में देरी पर नाराजगी व्यक्त की है। प्रांतीय महामंत्री डॉ. एसके गोस्वामी का कहना है कि ट्रांसफर लिस्ट जारी न होने के कारण असमंजस की स्थिति बनी हुई है।