भाजपा के खिलाफ हो कानूनी कार्रवाई: किशोर
राज्य ब्यूरो, देहरादून कांग्रेस ने बीते रोज भाजपा की रैली के दौरान पुलिस के दस्ते के घोड़े के चोटिल
राज्य ब्यूरो, देहरादून
कांग्रेस ने बीते रोज भाजपा की रैली के दौरान पुलिस के दस्ते के घोड़े के चोटिल होने के मामले में दूसरे दिन भी प्रतिपक्षी पार्टी को निशाने पर लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि उक्त प्रकरण में पूरी भाजपा दोषी है, लिहाजा पूरी पार्टी के खिलाफ ही कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का अंदेशा भी जताया।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा की रैली में जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिशें की गई। जिस प्रकार निरीह घोड़े के साथ ¨हसक बर्ताव किया गया, उससे पूरी पार्टी की मानसिकता जाहिर हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भाजपा की ओर से ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में माहौल बिगाड़ने की कोशिशें हो चुकी हैं। उन्होंने अगले वर्ष विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोबारा प्रदेश का वातावरण खराब किए जाने की कोशिशों का अंदेशा जाहिर किया। साथ ही कहा कि ऐसी कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से खड़ी होगी। यही नहीं, उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बिहार चुनाव की तर्ज पर अब उत्तराखंड के लिए विशेष पैकेज की घोषणा कर सकती है।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर प्रदेश सरकार को गिराने की बार-बार कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए बाकायदा धन की व्यवस्था भी की गई, लेकिन कांग्रेस के विधायक किसी भी झांसे में नहीं आए। विपक्ष के ऐसे मंसूबे कभी पूरे होने वाले नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली में आर्ट आफ लिविंग के विश्व सांस्कृतिक समारोह में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से उक्त कार्यक्रम के लिए जुर्माना लगाने के बाद प्रधानमंत्री को वहां नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनजीटी के फरमान को अगर प्रधानमंत्री नहीं मानते हैं तो फिर उन्हें उत्तराखंड पर कैसे लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री को संसद से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने भाजपा नेताओं पर असत्य बोलने का आरोप लगाया। एक बयान में उन्होंने कहा कि बीते रोज रैली में घोड़े पर हुए प्रहार के मामले में पार्टी झूठ बोल रही है। भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र की मर्यादा को भी तार-तार किया है।