यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्वास्थ्य टीम में डॉक्टर के बजाय एएनएम
संवाद सहयोगी, विकासनगर: धर्मावाला क्षेत्र के तिमली जंगल स्थित गुर्जर बस्ती जहदरा में सप्ताहभर से वाय

संवाद सहयोगी, विकासनगर: धर्मावाला क्षेत्र के तिमली जंगल स्थित गुर्जर बस्ती जहदरा में सप्ताहभर से वायरल बुखार का प्रकोप है। इससे दो नौनिहालों की मौत हो चुकी है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग अभी भी लापरवाह बना है। मामला सुर्खियों में आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर नहीं है। इसी की बानगी है कि शनिवार को प्रभावित बस्ती में डॉक्टर के बजाय विभाग ने एएनएम और आशा कार्यकत्री को भेजा। विभाग की इस खानापूर्ति वाली कार्रवाई से लोगों में रोष है।
गौरतलब है कि गुर्जर बस्ती जहदरा में एक सप्ताह से वायरल बुखार का प्रकोप है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी। बुखार से दो नौनिहालों की मौत के बाद मामला सुर्खियों में आया, लेकिन इसके बाद भी विभाग ने पर्याप्त कदम नहीं उठाए। इसके चलते प्राथमिक विद्यालय के 15 और छात्र-छात्राएं बुखार की चपेट में आ गए। छात्रों की तबियत बिगड़ने पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को स्कूल में बुलाया गया। टीम ने छात्रों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्कूल से बाहर रहने वाले नौनिहालों का हाल जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीम नहीं भेजी। ऐसे में विभाग की ओर से शनिवार को स्वास्थ्य टीम के नाम पर एक एएनएम व आशा कार्यकत्री को बस्ती में भेजना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। उधर, सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीके ढौंडियाल ने कहा कि रविवार को प्रभावित गांव में चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी।
