नाले में बही दो महिलाओं को दुकानदार ने बचाया
टनकपुर रोड पर स्वाला के समीप विश्राम घाट में बरसाती नाले के बहाव की चपेट में आई दो महिलाओं को एक दुकानदार ने जान में खेलकर बचा लिया। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चम्पावत। टनकपुर रोड पर स्वाला के समीप विश्राम घाट में बरसाती नाले के बहाव की चपेट में आई दो महिलाओं को एक दुकानदार ने जान में खेलकर बचा लिया। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम घुरचुम निवासी भागी देवी (60 वर्ष) पत्नी गंगा दत्त अपनी देवरानी सरस्वती देवी (45 वर्ष) पत्नी रघुवर दत्त के साथ अपनी पुत्री के घर ग्राम बगेड़ी गई थी।
सोमवार को वे वापस घर लौट रही थीं। विश्राम घाट गधेरे में हाईवे पर बने कॉजवे से जब वे गुजर रही थीं, तभी बरसाती नाला उफान पर आ गया। इस पर दोनों महिलाएं बहने लगी। इसी बीच स्कूली बच्चों ने दोनों महिलाओं को बहते हुए देखा और इसकी सूचना पास के दुकानदार विनोद भट्ट को दी।
इस पर विनोद भट्ट ने जान पर खेल कर दोनों महिलाओं को पानी से बाहर निकाल लिया। गंभीर रूप से घायल होने पर दोनों को 108 सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें-यमुना में बही महिला तीर्थ यात्री, मौत