अल्मोड़ा में 70 बराती-घराती फूड प्वाइजनिंग का शिकार
अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट के मल्ली ब्लॉक में शादी समारोह में मिठाई खाने से बरातियों की तबीयत बिगड़ गई। देर सायं तक 70 बराती-घरातियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

द्वाराहाट (अल्मोड़ा), [जेएनएन]: विकासखंड के मल्ली मिरई ग्राम पंचायत के तोक डाना मिरई में बराती-घराती फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गए। सभी ने विवाह की रस्म के बीच मिठाई खाई, बाद में भोजन किया। कुछ ही समय बाद सिर चकराने के साथ ही उनका पेट भी चल गया।
एकाध बच्चों को खून की उल्टी आने से विवाह समारोह में अफरातफरी मच गई। देर सायं तक 70 बराती-घरातियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख 36 लोगों को भर्ती कर लिया गया। निदेशक स्वास्थ्य (कुमाऊं) डॉ. एलएम उप्रेती ने मुख्य चिकित्साधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
गगास घाटी स्थित ऐराड़ी गांव निवासी कुंदन सिंह अधिकारी के पुत्र प्रकाश सिंह की बरात गुरुवार को उमेद सिंह के यहां गई थी। दोपहर बाद विवाह की रस्म के दौरान मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई दी गई। इसके बाद सभी के लिए पंडाल में भोजन लगा। कुछ ही देर बाद तमाम बरातियों को चक्कर आने लगे। देखते ही देखते उल्टी-दस्त शुरू हो गए। इससे हडकंप मच गया।
ग्रामीण बीमार लोगों को लेकर सीएचसी पहुंचे। हालत नाजुक देखते हुए 36 लोग भर्ती कर लिए गए। देर सायं तक उल्टी-दस्त का शिकार लोगों का सीएचसी पहुंचना जारी था और यह संख्या 70 पहुंच गई जिनमें 20 घराती भी शामिल थे। भोजन के तुरंत बाद जो बराती ऐराड़ी के लिए रवाना हो गए थे, उनकी भी तबियत बिगड़ने पर रानीखेत नागरिक चिकित्सालय ले जाने की चर्चा है। चिकित्साधिकारी डॉ. वीपी सिंह के अनुसार विषाक्त मिठाई के सेवन से ही बराती फूड प्वायजनिंग की चपेट में आए हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष दरबान सिंह ने सीएचसी में भर्ती बरातियों के बयान लिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।