यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से बालिका की मौत

- शीतलाखेत क्षेत्र के देवलीखान का है मामला, परिजनों में कोहराम
- बरसात के साथ पांव पसारने लगे जलजनित रोग
::::: जानलेवा :::::
जागरण संवाददाता, रानीखेत : बरसात के साथ ही पर्वतीय अंचल में जलजनित रोग जिंदगी पर भारी पड़ने लगे हैं। सुदूर देवलीखेत में डायरिया ने पांच वर्षीय बालिका की जान ले ली। ग्रामीणों ने प्राकृतिक स्रोतों से ट्रैप किए जा रहे पानी तथा नौलों के आसपास ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत क्लोरीनेशन की मांग उठाई है।
शीतलाखेत क्षेत्र के ग्राम देवलीखेत में डायरिया पांव पसारने लगा है। यहां राजेंद्र जोशी की पांच वर्षीय पुत्री खुशी उल्टी दस्त की चपेट में आ गई थी। सोमवार को स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़ गया। चिकित्सालय ले जाने के लिए परिजनों ने इमर्जेसी 108 सेवा को बुलवाया। मगर बालिका ने अस्पताल ले जाने से पूर्व ही दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। इधर सरपंच विनोद जोशी ने बरसात के मद्देनजर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से पेयजल सप्लाई टैंकों की साफ सफाई तथा जरूरत के अनुरूप क्लोरीनेशन की मांग उठाई है। साथ ही क्षेत्र में चिकित्सकों की टीम भेजने का भी आग्रह किया है ताकि अन्य रोगियों की पहचान की जा सके।
