विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड से दस की मौत

By Edited By:
Published: Wed, 09 Jan 2013 01:05 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 09 Jan 2013 01:06 AM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी के कहर

से लोगों की हालत खराब

जागरण टीम वाराणसी : कड़ाके की ठंड से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जनपद के विभिन्न इलाकों में ठंड से लोगों की मौत का सिलसिला जारी है और अलाव का कहीं पता नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गो के लिए इस साल की ठंडी सबसे अधिक कष्ट लाई है।

चौबेपुर प्रतिनिधि के अनुसार ठंड से मंगलवार को दो लोगों ने दम तोड़ दिया। हरिदत्तपुर के 60 वर्षीय वृद्ध अशरफ की भोर में मौत हो गई। अजान गांव के 40 वर्षीय मुस्तकीम घर पर सुबह मृत मिले। रात को सोते समय ठंड से उनकी नब्ज थम गई।

लोहता प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की देर रात कोटवां गांव की 75 वर्षीय बुजुर्ग जोहरा बीबी की मौत हो गई थी। उनके जनाजे में शामिल होने पहुंचे तकिया गांव के कलीम उर्फ कल्लू (60 वर्ष) को भी ठंड लग गई। ठंड से कांप रहे कलीम अपनी बेटी के यहां चाय पीने पहुंचे और वहीं दम तोड़ दिया। लोहता के रहीमपुर गांव निवासी अनीस अंसारी (60 वर्ष) की सोमवार की देर रात ठंड लगने से मौत हो गई।

दानगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय बाजार में फल का ठेला लगाने वाले लखन प्रजापति (45 वर्ष) मंगलवार की शाम ठंड लगने से बेहोश हो गए। जौनपुर के परसौरी (चंदवक) गांव निवासी लखन को सूचना पाकर पहुंचे घर वाले वाराणसी स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उधर मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर इलाके में सड़क के किनारे मंगलवार को अज्ञात अधेड़ मृत मिला। आशंका है कि ठंड से उसकी मौत हो गई। क्रीम कलर का जैकेट व पैंट पहने अधेड़ की उम्र लगभग 50 वर्ष है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मुंबई जाने के लिए रत्नागिरी ट्रेन पकड़ने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे सादियाबाद (गाजीपुर) के सूबेदार (50 वर्ष) ठंड लगने से प्लेटफार्म नंबर नौ पर गिर पड़े। चिकित्सकीय सुविधा मिलने से पहले ही उनकी नब्ज थम गई। कचहरी में स्टांप पेपर विक्रेता विनोद शंकर श्रीवास्तव (42वर्ष) की हालत दोपहर में ठंड से बिगड़ गई। लोगों ने दीन दयाल अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चोलापुर के अल्लोपुर के रामाशीष (60वर्ष) की हालत सोमवार की शाम खराब हो गई। परिजन इलाज करा रहे थे लेकिन सुबह उनकी सांस थम गई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर