विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तीन की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

By Edited By:
Published: Tue, 06 Oct 2015 01:01 AM (IST)

अचलगंज(उन्नाव), संवाद सूत्र : शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुर नरी में विचित्र बुखार ने गांव के

News Article Hero Image

अचलगंज(उन्नाव), संवाद सूत्र :

शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुर नरी में विचित्र बुखार ने गांव के अधिकांश परिवारों को अपनी चपेट में ले रखा है। बुखार के रोगी तो घर-घर हैं। लेकिन 72 घंटे के अंदर डेंगू और विचित्र बुखार से एक नवजात समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की मौत से प्रशासन में भी खलबली मच गई। सीएमओ स्वास्थ्य टीम लेकर गांव पहुंची। 130 लोगों के रक्त की स्लाइड बनाकर परीक्षण को भेजी गई है। डाक्टरों की दो टीमें गांव में डेरा जमाए रहकर देर शाम तक दवा वितरण में लगी रहीं। विचित्र बुखार की चपेट में आने वालों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाए, युवा सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। देर शाम 15 बुखार पीड़ित रोगियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार नरी गांव में पिछले कई दिनों से विचित्र बुखार ने पाव पसार रखा है।

रविवार रात कानपुर हैलट में सुनील प्रजापति के पुत्र अभिषेक (14) की डेंगू से मौत हो गई। वहीं तीन दिन पूर्व इसी गांव के धनीराम की पुत्री संगीता 20 व दीपक कुशवाहा के ढाईमाह के नवजात पुत्र की मौत हो चुकी है। हलांकि स्वास्थ्य विभाग इन दोनों मौतों की जानकारी होने से अनभिज्ञता जता रहा है। जबकि ग्रामीण व बुखार पीड़ित परिवारों के लोगों नें स्वास्थ विभागीय अधिकारियों के सामने आज इसकी पुष्टि अपने बयानों में सार्वजनिक रुप से की है। वहीं गांव के गंभीर बीमार बुखार पीड़ितों में केशन शर्मा को मेडिकल कालेज लखनऊ में भर्ती कराना बताया है। गांव में रोगी संतोष निगम, मनोज वर्मा, संदीप, आरती, अनीता, कमलेश, अमरजीत, अंशिका, लीला, खुशी सहित इनकी संख्या दर्जनों में है।

लापरवाही ने बिगाड़े हालात

ग्रामीणों का आरोप है कि एक सप्ताह पूर्व बुखार फैलने की सूचना जिले व अचलगंज सीएचसी को दी गयी थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी यहां पहुंची थी। डाक्टर ने 35 मरीजों के खून के नमूने भी लिए पर रोगियों को रक्त परीक्षण की रिपोर्ट आज तक नहीं दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पूर्व में दी गई सूचना को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया होता तो बुखार की स्थिति भयावह न होती।

हरकत में आया प्रशासन, टीम तैनात

डेंगू से अभिषेक की मौत होने की सूचना आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सोमवार को हरकत में आया। सीएमओ गीता यादव संक्रामक रोग नियंत्रण टीम व सीएचसी अचलगंज के डॉक्टरों की टीम दल प्रभावित गांव पहुंच स्कूल में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों के ब्लड सैंपल लेकर दवाओं का वितरण कराया। जिला मलेरिया अधिकारी केके अवस्थी ने गांव में लिए डीडीटी का छिड़काव कर और नालियों में लार्वा नष्ट करने के लिए कीटनाशक का छिड़काव कराया।

::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

अभिषेक की मृत्यु डेंगू से हुई हैं। वहीं संगीता व दीपक कुशवाहा के नवजात की मौत की स्लाइड रिपोर्ट नहीं मिली है।-डॉ. नरेंद्र कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी अचलगंज।

=======================

डेंगू से एक बच्चे की मौत होना बताया जा रहा है। अभी मेडिकल कालेज से रिपोर्ट आना शेष है। जिला मुख्यालय और सीएचसी से डाक्टरों की दो टीमों को साथ लेकर मैं स्वयं गांव गई थी। लगभग 165 रोगियों का परीक्षण किया गया। 133 रोगियों के रक्त की स्लाइड बनाकर परीक्षण के लिए भिजवाई है। रोगियों को दवा का वितरण कराया है। जो गंभीर रोगी होंगे उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।-डॉ. गीता यादव सीएमओ।

::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

डॉक्टर गांव जाकर रोगियों का प्रतिदिन परीक्षण करें। जो गंभीर हों उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना सुनिश्चित करें। मलेरिया अधिकारी को बुखार का प्रकोप न थमने तक गांव जाकर दवा का छिड़काव करने और रोगियों को बुखार और मच्छरों से बचाव की जानकारी दें।-सौम्या अग्रवाल, डीएम।